बाइक की डिक्की से 7.65 लाख हुये गायब
क्या सच में अपराध बढ़ गया है. पुलिस वाले तो मानने के लिए तैयार नहीं है. जब कोई इस तरह की वारदात हो रही है तो थानेदार फोन नहीं उठाते और वरीय अधिकारी सिर्फ इतना कहते हैं कि मामला संदिग्ध है, अभी जांच चल रहा है. इसी तरह पप्पू सरावगी के अपहरण को भी संदिग्ध मान कर ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है.
बगहा : दिनदहाड़े एक व्यवसायी की बाइक की डिक्की से अपराधियों ने 7.65 लाख रुपये उड़ा दिये. कपड़ा व्यवसायी संजय नथानी स्टेट बैंक बगहा दो की शाखा से सोमवार को रुपये की निकासी कर जमीन रजिस्ट्री कराने के लिए रजिस्ट्री ऑफिस जा रहे थे.
डीएसपी मुख्यालय ब्रजकिशोर पासवान ने बताया कि पीडि़त व्यवसायी ने पुलिस को सूचना दिया है. मामले की जांच पड़ताल की जा रही है. घटना करीब एक बजे दिन की है. व्यवसायी ने बैंक से रुपये की निकासी की और झोला में रख कर बाइक की डिक्की में बैंक के समीप ही रख लिये थे.
उसके बाद बाइक पर सवार हो कर रजिस्ट्री ऑफिस की ओर जा रहे थे. इस दौरान रेलवे गुमटी के समीप भारी जाम लगा हुआ था. व्यवसायी को आशंका है कि उसी जाम के दौरान किसी ने डिक्की को खोल कर रुपये से भरा झोला उड़ा लिया है.
हालांकि व्यवसायी जब रजिस्ट्री ऑफिस में गये थे और रुपये देने के लिए बाइक की डिक्की खोले तो डिक्की पहले से खुली थी और झोला गायब था. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पटखौल ओपी की पुलिस को दी. लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करने के बजाय व्यवसायी पर हीं सवालों की झड़ी लगा दी. उल्लेखनीय है कि उक्त व्यवसायी की बगहा बाजार में कपड़े की दुकान है.
