धोखाधड़ी : गलत ढंग से बिजली उत्पादन कर वसूली जा रही मनमाना कीमत
बेतिया : शहर में बिजली रहे या नहीं रहे लेकिन सुविधा शुल्क दिजीए और आपके घर में चौबीस घंटे बिजली मिलनी शुरू हो जायेगी. चौकिये मत, यह सच्चाई शहर में कई जेनेरेटर संचालक मिनी पावर हाउस बना रखे है.
जो जेनेरेटर में डीजल जला कर बिजली का उत्पादन करते है और लाखों रुपये की बिजली सप्लाई उपभोक्ताओं के घरों में करते है. जबकि बिजली विभाग से किसी भी जेनेरेटर संचालक को कोई लाइसेंस या अनुमति बिजली उत्पादन की नहीं मिली है. फिर भी यह खेल शहर में बखूबी चल रहा है.
बिजली बेचने का नहीं है अधिकार
बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता कुमार प्रशांत ने बताया कि बिजली बेचने का अधिकार सिर्फ बिजली विभाग को है. दूसरा कोई बिजली का उत्पादन कर उसे बेच नहीं सकता है.
एक हजार में मिलती है 100 वॉट बिजली
जेनरेटर संचालक एक हजार रुपये में 100 वॉट बिजली बेचते हैं. यह सिर्फ कमेटी में शामिल लोगों के लिए निर्धारित दर है. कमेटी करीब 15 से 16 लोगों को मिला कर बनायी जाती है.
कमेटी में शामिल लोगों के घरों में मीटर लगा कर प्रति सदस्य छह एम्पीयर बिजली दी जाती है. जेनेरेटर का संचालन तभी होता है जब बिजली नहीं रहती है या लो वोल्टेज हो. उस वक्त कमेटी की जेनेरेटर सेवा चालू हो जाती है. जबकि संचालक सड़क के किनारे दुकान लगाने वाले दुकानदारों से प्रति बल्ब दस रुपये वसूली करते हैं.
पोल पर बिछा है जेनेरेटर का तार
पूरे शहर में सरकारी पोल के सहारे जेनेरेटर के तारों का जाल बिछा हुआ है. शहर के मुख्य बाजार जैसे लाल बाजार, मीना बाजार, जोड़ा शिवालय मंदिर रोड, कमलनाथ नगर, जनता सिनेमा रोड, पावर हाउस रोड, स्टेशन चौक आदि जगहों पर इसका नजारा दिखने को मिल सकता है. सरकारी पोल पर जेनेरेटर के तारों के बिछाये गये जाल से कई बार खतरा भी हो चुका है. फिर भी सरकारी बिजली के पोल से जेनेरेटर के तार नहीं हटाये गये है.
डरा कर करता था अश्लील हरकत
मैट्रिक का कोचिंग कराने वाले टॉप टेन शिक्षकों में सेवानिवृत शिक्षक बच्चा सिंह छात्रा से अश्लील हरकत करने में फंस गये हैं. जबकि इस शिक्षक के कोचिंग से अब तक आधा दर्जन से ज्यादा मैट्रिक के टॉपर निकले हैं.
बेतिया : शहर में ब्रिलिएंट कोचिंग से कम बच्चा सिंह को उनके नाम से ज्यादा लोग पहचानने वाले है. खासकर 9 वीं व दसवीं के छात्र-छात्राओं में उनकी खासी पकड़ भी है क्योंकि बच्चा सिंह ने इधर पांच-छह सालों के अंदर करीब आधा दर्जन से ज्यादा बिहार बोर्ड की परीक्षा में जिला टॉपर दिया है.
शुक्रवार को एक ऐसी घटना सामने आयी जिससे इस टॉप शिक्षक की पोल ही खुल गई. पहले तो लोगों को इस घटना पर विश्वास ही नहीं हुआ. पुलिस जब शिक्षक को गिरफ्तार की तो शिक्षक की इस करतूत से सभी अवाक रह गये. पीडि़त छात्रा का सीधे आरोप है कि शिक्षक बच्चा सिंह उसे डरा कर उसके साथ अश्लील हरकत करता था. जब उससे यह सहन नहीं हुआ तो उसने अपने परिजनों को इस घटना की जानकारी दी.
पीडि़ता व उसके भाई पर ही दर्ज करा दिया था केस
जिस छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने में शिक्षक बच्चा सिंह गिरफ्तार हुए है. उसी पीडि़त छात्रा व उसके भाई के खिलाफ शिक्षक ने गुरुवार को ही मारपीट की प्राथमिकी नगर थाना में दर्ज करा दी थी. इसमें शिक्षक ने बताया था कि छात्रा व उसका भाई 28 नवंबर को कोचिंग में आये और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट किये. साथ ही उसके गले से 60 हजार रुपये की कीमती सोने की चेन भी छीन लिये.
राज इंटर कॉलेज से रिटायर्ड है शिक्षक
अश्लीलता के आरोप में गिरफ्तार शिक्षक शहर के प्रतिष्ठित राज इंटर कॉलेज में शिक्षक थे. स्कूल में शिक्षक रहते ही वह शहर में कोचिंग चलाना शुरू कर दिये थे. इधर चार-पांच साल पहले रिटायर्ड होने के बाद वे अपने पैतृक गांव या परिवार वालों के साथ नहीं गये. शहर के राजगुरू चौक के ही एक किराये के मकान में कोचिंग का संचालन बड़े पैमान पर शुरू कर दिये. धीरे-धीरे उनकी कोचिंग चमक गयी और वे किराये के मकान को इधर हाल के दिनों में खरीद भी लिया है.
