बेतिया : समस्तीपुर रेल मंडल के डीसीआइ पी पांडेय ने शुक्रवार को बेतिया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया. स्टेशन की व्यवस्था को देखते ही डीसीआइ भड़क गये व स्टेशन अधीक्षक विनय कुमार श्रीवास्तव को कड़ी फटकार भी लगायी. कहा कि वे अपनी कार्यशैली में सुधार लाये,नहीं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें.
वहीं श्री पांडेय ने कहा कि यात्रियों के लिए स्टेशन पर बेहतर सुविधा बहाल करने के लिए दस सदस्यीय समिति का गठन किया जायेगा. इसमें शहर के गणमान्य लोगों को शामिल किया जायेगा. उनसे सुविधा में सुधार के लिए उनका मंतव्य लिया जायेगा. साथ ही व्यवस्था के खिलाफ उनकी शिकायत पर कार्रवाई भी की जायेगी. इसके पूर्व डीसीआइ ने टिकट काउंटर, रैक प्वाइंट, साफ-साफाई आदि का जायजा भी लिया व सुधार करने का निर्देश स्टेशन अधीक्षक को दिया.
वृद्ध की मौत
बेतिया : जीएमसीएच के मेल सर्जिकल वार्ड में दमा से ग्रसित वृद्ध को इलाज के लिए परिजनों ने विगत 24 नवंबर को भरती कराया व छोड़ कर फरार हो गये. वृद्ध की मौत शुक्रवार की सुबह आठ बजे हो गयी. मृतक की पहचान चनपटिया थाना के उपाध्या टोला निवासी स्व. जानकी साह का पुत्र शंकर साह (60) के रूप में हुई है.
