बेतिया : अब वर्षो से जिले के थानों में पदस्थापित मुंशी व वाहन चालकों को हटाया जायेगा. मुंशी व वाहन चालकों को हटाने की दिशा में कवायद शुरु कर दी गयी है. पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार शाह ने वर्षो से थानों में पदस्थापित इन कर्मियों को हटाने के लिए योजना भी तैयार कर ली है. अगर सब कुछ ठीक-ठाक रहा,तो वर्षो से थानों में अंगदी पांव जमाये मुंशी व वाहन चालकों का हटना तय मना जा रहा है.
बताया जाता है कि इन कर्मियों के अधिक दिनों से थानों में पदस्थापित रहने के कारण उनकी जान-पहचान स्थानीय लोगों से ज्यादा बढ़ गयी है. इसके कारण थाने स्तर की गोपनीयता भंग हो हीं रही है. साथ हीं जरुरी कार्यो के संधारण में प्रतिकूल असर पड़ रहा है.
थानों की गोपनीयता बरकरार रहे और कार्यो के संधारण पर असर नहीं पड़े इसको देखते हुए मुंशी व चालकों के स्थानांतरण की योजना बनायी गयी है.
एसपी ने सभी थानाध्यक्षों से मांगी रिपोर्ट
एसपी सौरभ शाह ने जिले के सभी थानाध्यक्षों से मुंशी व वाहन चालकों की रिपोर्ट मांगी है.थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने थानों में पदस्थापित मुंशी व वाहन चालकों की पदस्थापना की तिथि एवं कितने समय से कार्य कर रहें हैं, इसकी रिपोर्ट पुलिस कार्यालय को उपलब्ध कराने की बात कही गयी है.
जिले के थानों में नियत अवधि से ज्यादा समय से पदस्थापित मुंशी व वाहन चालकों को हटाया जायेगा. इसके लिए सभी थानाध्यक्षों से रिपोर्ट मांगी गयी है. कार्यालय को रिपोर्ट मिलते हीं कार्रवाई शुरू कर दी जायेगी.
सौरभ कुमार शाह
पुलिस अधीक्षक, बेतिया
