बेतिया : जिले के नौतन में दस लाख रुपये के जाली नोट के साथ पकड़े गये अपराधी तो महज शार्गिद हैं. सरगना सीमा पार पाकिस्तान में बैठ इस धंधे को अंजाम दे रहा है. इसकी पुष्टि यूपी के सोनौली सीमा पर 25 लाख रुपये के जाली नोट के साथ एटीएस के हत्थे चढ़े शेख जावेद कर चुका है.
इधर, नौतन में जाली नोट मिलने के बाद पुलिस इसके तार भेदने की कोशिश में जुट गयी है.इतना तो पुलिस भी जान चुकी है कि जाली नोट का यह धंधा पाकिस्तान से जुड़ा है, जो नेपाल, दुबई, चीन जैसे देशों से होकर भारत तक पहुंच रहा है और देश में बड़ी खेप खपत हो रही है. पाकिस्तान से नेपाल और फिर रक्सौल और यूपी के सौनौली से यह जाली नोट भारत में पहुंच रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान के आइएसआइ ग्रुप का सदस्य इकबाल काना उर्फ मूसा जाली नोट के धंधे का सरगना है. जिसका ठिकाना पाकिस्तान में है.
पहले भी नौतन में पकड़े
जा चुके हैं जाली नोट
नौतन क्षेत्र के दक्षिणी तेल्हुआ गांव में जाली नोट पकड़े जाने का यह पहला मामला नहीं है. इससे पूर्व भी यहां जाली नोट पकड़ा जा चुका है. लेकिन पुलिस अभी तक इसके तार को भेदने में कामयाब नहीं हो सकी है.
पुलिस मामले की जांच की जा रही है. जाली नोट के कारोबार का नेटवर्क अन्य देशों से जुड़े हैं. जल्द ही इसका परदाफाश किया जायेगा.
सौरभ कुमार साह, एसपी बेतिया
