बेतिया : राष्ट्रीय लोक समता पार्टी द्वारा गुरुवार को समाहरणालय के मुख्य द्वार पर किसानों की समस्याओं को ले कर एक दिवसीय धरने का आयोजन किया गया.
इसकी जानकारी देते हुए रालोसपा के प्रदेश संगठन सचिव नंदकिशोर प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि पार्टी के किसान प्रकोष्ट के बैनर तले राज्य के सभी जिलों में राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्र सरकार के राज्य मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के निर्देश के आलोक में इस धरना का आयोजन किया गया है. किसान प्रकोष्ट के जिलाध्यक्ष रामाशंकर प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि धरने में आठ सूत्री मांगों को रखा गया है.
जिसके तहत भूमि अधिग्रहण बिल लागू करने, गन्ना उत्पादक किसानों का बकाया भुगतान करने, धान की खरीदारी की अनियमितता में सुधार करने, सरकारी दर पर गेहूं व मक्का की खरीदारी सरकार द्वारा करने, बकाया आलू बीमा का भुगतान करने, किसानों को अनुदानित धान बीज उत्तम कोटी का मुहैया कराने, किसानों के खेतों तक बिजली पहुंचाने तथा गेहूं व मसूर के फसल क्षति मुआवजे को शीघ्र देने की मांग शामिल है.
धरना में जिलाध्यक्ष कैलाश प्रसाद, उपाध्यक्ष सत्यदेव प्रसाद, हरेंद्र सिंह, रघुनाथ प्रसाद शास्त्री, नगीना प्रसाद, दिग्विजय दूबे, विनोद प्रसाद, मैनेजर शास्त्री सहित अन्य ने अपने विचार दिये.
