मधुबनी (बगहा) : मधुबनी प्रखंड में बरवा पंचायत के घुसरी गांव में जमीन फट गयी है. शुक्रवार की रात में कर-कर की आवाज कर जमीन फटी. जमीन फटने की खबर के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी है.वर्ष 2005 में सरकारी योजना से इस गांव में पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया था. इस सड़क में करीब 10 फीट तक दरार आयी है.
बताया जाता है कि घुसरी गांव के बांके खरवार के घर के सामने जमीन फटी है. खबर मिलने के बाद इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. जिस जगह पर जमीन फटी है, वहां लगातार कर-कर की आवाज आ रही है.
ग्रामीण नवलकिशोर शर्मा ने बताया कि पहली बार 12 मई को सड़क में दरार आयी थी, जो शुक्रवार की रात में काफी मोटी हो गयी. सीओ शाहिद अली अंसारी ने बताया कि जमीन फटने की सूचना ग्रामीणों ने दी है. जांच-पड़ताल करने के लिए राजस्व कर्मचारी को भेजा गया है.
