नौतन : स्वास्थ्य विभाग में गहरी पैठ के बूते फरजी विकलांग प्रमाणपत्र जारी करवा कर सरकारी योजनाओं के लाभ लेने का मामला सामने आया है. सिविल सजर्न की जांच में नौतन प्रखंड के कुल 13 व्यक्तियों के नाम से जारी विकलांग प्रमाणपत्र फरजी मिले हैं. जांच रिपोर्ट के आधार पर बीडीओ अब इन अपात्र लाभुकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी में जुटे हैं.
इधर, फरजी प्रमाणपत्र पाये जाने पर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है. प्रमाण पत्र जारी करने में शामिल चिकित्सक-कर्मी की बेचैनी बढ़ गयी है. माना जा रहा है कि इनके खिलाफ भी सीएस विभागीय कार्रवाई कर सकते हैं. पकड़े गये फरजी लाभुकों के पास आंख, कान, हाथ व पैर के विकलांग का प्रमाणपत्र है.
कैसे खुला फरजीवाड़ा
विकलांगता पेंशन योजना के तहत नौतन प्रखंड द्वारा लाभुकों से ऑनलाइन आवेदन मांगा गया था. इसके तहत कुल 31 आवेदन आये. प्रक्रिया के तहत बीडीओ ने इन आवेदनों के साथ संलग्न विकलांग प्रमाणपत्रों में से 18 सीएस कार्यालय और 13 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सत्यापन के लिए भेजा. सीएस की ओर से भेजे गये सत्यापन रिपोर्ट में 18 प्रमाण पत्रों से 13 फरजी मिले हैं.
