ठकराहां : रविवार को ठकराहां से पुजहां पटजिरवा के बीच पुल निर्माण की मांग को लेकर प्रखंड परिसर में पुल निर्माण संघर्ष समिति द्वारा एक जनसभा का आयोजन किया गया था. जनसभा में बतौर मुख्य अतिथि वाल्मीकिनगर सांसद सतीश चंद्र दूबे आमंत्रित थे. भाजपा नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह ने सभा के माध्यम से इस पुल की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि ठकराहां प्रखंड बिहार का हिस्सा है.
लेकिन यहां के लोगों का बिहार के साथ कोई सीधा संपर्क नहीं है. इन्हें यूपी के शहरों के भरोसे हीं रहना पड़ता है. किसी बीमार को इलाज कराने के लिए यूपी ले जाना पड़ता है. ऐसे में अगर गंडक नदी में ठकराहां से पुजहा पटजिरवा तक पुल का निर्माण हो जाता तो यहां के लोगों को भी जिला मुख्यालय आने जाने में सुविधा होती. सांसद ने कहा कि ठकराहां के लोग उदास न हो पुल का निर्माण होगा.
अप्रैल माह में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी पश्चिम चंपारण के दौरे पर आ रहे है. उनकी कोशिश रहेगी कि वे उसी समय पुल निर्माण की घोषणा करा दे. सांसद ने लोगों को बताया कि जिले में बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार से 25 हजार करोड़ रुपया बिहार सरकार को दिलवा दिया है. छितौनी से तमकुही रोड-ठकराहां होते हुए रेल से जोड़ने के लिए जो परियोजना ठप पड़ी थी, उसके लिए रेलमंत्री से मिल कर धन भी विमुक्त करवा दिया है.इस क्षेत्र के विकास के लिए सदैव तत्पर रहने का भरोसा सांसद ने दिलाया.
सभा को भाजपा के ओमप्रकाश राय, ठकराहां के भाजपा मंडल महामंत्री मुन्ना तिवारी सहित पुल निर्माण संघर्ष समिति के उमाकांत तिवारी, निजामुदीन अंसारी, सांसद प्रतिनिधि विजय चौधरी, मनीष तिवारी, शौकत अली, रामदरश साह, डॉ. सुरेश तिवारी, जितेंद्र तिवारी आदि ने भी संबोधित किया.
