बेतिया : मंडल कारा में विचाराधीन कैदी मनमोहन उर्फ छोटू पटेल ने शनिवार की देर संध्या फांसी लगा कर आत्म हत्या कर ली. उसका शव जेल के बंद पड़े शौचालय मिला. उसकी पहचान नगर थाना के राजगुरु मोहल्ला निवासी के रूप में हुई है. वह करीब एक साल से अपहरण के मामले में बंद था.
एसडीपीओ रामानंद कौशल ने बताया कि मनमोहन अपहरण कांड के मामले में जेल में बंद था. उसके ऊपर नगर थाना व कालीबाग ओपी थाना मामला दर्ज है. उन्होंने बताया कि मनमोहन पटेल जेल के वार्ड संख्या-10 में रहता था. शनिवार की रात्रि सभी बंदी खाना खाकर जब अपने-अपने वार्ड में सोने गये, तो उनकी गिनती शुरू हुई. गिनती के क्रम में जेल प्रशासन को एक कैदी कम मिला. बंदी की संख्या कम होने पर जेल प्रशासन ने खोजना शुरू किया. जेल के सुरक्षा कर्मी व बंदियों ने मनमोहन की काफी तलाश की.
वह वार्ड में नहीं मिला. इसी दौरान जेल के सुरक्षा कर्मियों ने उसे प्लास्टिक की रस्सी से शौचालय में लटकते हुए देखा. इसके बाद पुलिस के वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी गयी.
घटना की सूचना मिलते ही जेल में अफरा-तफरी का आलम खड़ा हो गया. इधर शनिवार रात्रि आनन-फानन में सदर एसडीएम सुनील कुमार, सदर एसडीपीओ रामानंद कुमार कौशल, नगर थानाध्यक्ष विमलेन्दु कुमार, कालीबाग ओपी प्रभारी ओमप्रकाश चौहान पहुंच गये. रविवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया.
