पूर्वी करगहिया व बानूछापर पंचायत के वार्ड नंबर पांच का मामला
बेतिया : मुख्यमंत्री ग्रामिण पेयजल निश्चय योजना के कार्यों में बरती गयी लापरवाही व कागजात संधारण में की गयी अनियमितता को लेकर बीडीओ बसंत कुमार सिंह ने मुफस्सिल थाने में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराया है. उन्होंने प्रखंड के राज पूर्वी करगहिया पंचायत के वार्ड पांच के क्रियान्वयन व प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मेहरुन नेशा व सचिव मुस्तफा आलम पर योजना को लेकर लापरवाही करने की बात कही है.
वही दूसरे आवेदन में बानूछापर वार्ड पांच के प्रबंधन समिति के अध्यक्ष निर्मला देवी व वार्ड सचिव मधुरेंद्र कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. बीडीओ ने बताया है कि दोनों जगह दो साल बीत जाने पर भी योजना का कार्य पूरा नहीं किया गया. बीते अक्तूबर माह में स्पष्टीकरण भी भेजा गया. लेकिन किसी भी आरोपितों ने इसका जबाब नहीं दिया. बीडीओ ने बताया कि सर्वे के तहत पूर्वी करगहिया क्षेत्र के 150 घरों तक जलापूर्ति करानी थी.
लेकिन अबतक केवल 70 घरों तक ही पेयजल पहुंचाया गया है. जबकि बानूछापर में 222 घरों में जलापूर्ति सुनिश्चित करानी थी. पर अबतक केवल 130 घरों तक ही योजना पहुंच चुकी है. बानूछापर की प्रबंधन समिति ने योजना की कुल राशि बारह लाक अस्सी हजार की निकासी कर ली है. लेकिन कार्य पूरा नहीं किया है. मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.
