विकास, स्वच्छता व सौंदर्यीकरण समेत 11 एजेंडों पर लगी मुहर
बेतिया : नप सभागार में शनिवार को सभापति गरिमा देवी सिकारिया की अध्यक्षता में नगर-परिषद् की सशक्त स्थायी समिति की बैठक हुई. इसमें कुल 11 एजेंडे पर सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गयी. इनमें नप कर्मियों की बहाली के लिए एजेंसियों के चयन, सैरातों की बंदोबस्ती, शवदाह गृह निर्माण के लिए स्थल चयन, ट्राइसाइकिल व ठेले […]
बेतिया : नप सभागार में शनिवार को सभापति गरिमा देवी सिकारिया की अध्यक्षता में नगर-परिषद् की सशक्त स्थायी समिति की बैठक हुई. इसमें कुल 11 एजेंडे पर सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गयी.
इनमें नप कर्मियों की बहाली के लिए एजेंसियों के चयन, सैरातों की बंदोबस्ती, शवदाह गृह निर्माण के लिए स्थल चयन, ट्राइसाइकिल व ठेले की खरीद, चौक-चौराहों पर महापुरूषों की मूर्तियों को स्थापित करने व पार्कों का सौंदर्यीकरण समेत अन्य विकास के कई योजनाओं को स्वीकृति शामिल है.
मुख्य एजेंडे में स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 की तैयारियों की समीक्षा व केन्द्रीय जांच की दृष्टि से युद्ध स्तर की तैयारी करने का निर्णय लिया गया. इसमें पब्लिक फीडबैक एवं क्षेत्र निरीक्षण पर और काम करने की आवश्यकता है. साथ ही 205 कर्मियों को आउटसोर्सिंग के माध्यम से बहाल करने को लेकर 4 आउटसोर्सिंग एजेंसियों की तकनीकी निविदा खोली गयी.
इसमें दिल्ली, पटना एवं रांची की कुल 4 एजेंसियों ने टेंडर डाला है. वही चिल्ड्रन पार्क एवं ऑफिसर्स कॉलोनी पार्क के अधूरे कार्य को पूरा किया जाने का निर्णय लिया गया. शहर में जारी नल-जल आपूर्ति योजना को गति देने का निर्णय लिया गया. सबके लिए आवास योजना एवं शहर की अन्य जरूरी योजनाओं में तेजी लाने का आदेश दिया गया.
नगर परिषद के द्वारा शवदाह गृह के निर्माण के लिए जगह चिह्नित कर 2.5 करोड़ रुपये से जल्द ही निर्माण कराने की सहमति दी गयी. खुले में हो रही मांस-मछलियों की बिक्री को नियंत्रित करने के लिए कठोर कदम उठाते हुए व्यवस्थित करने का निर्णय लिया गया. सेवानिवृत होनेवाले कर्मचारियों को देय सेवानिवृति लाभों के भुगतान करने का निर्णय गया तथा संभावित सेवा विस्तार पर विचार सोमवार को सामान्य बोर्ड की बैठक में किया जायेगा.
कार्यालय के कार्यहित में कंप्यूटर व प्रिंटर को क्रय करने का निर्णय लिया गया. बैठक के अंत मे सभापति ने माननीय सदस्यों का आभार प्रकट करते हुए बैठक की कार्रवाई समाप्त करने की घोषणा की.