नौतन के हरदीपट्टी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, एक की मौत
बेतिया/नौतन : नौतन थाना के हरदीपट्टी गांव में शनिवार को हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. विस्फोट से एक घर पूरी तरह ध्वस्त हो गया जबकि तीन घर क्षतिग्रस्त हो गये. इस घटना में पांच बकरियों की भी मौत हो गयी. विस्फोट स्थल […]
बेतिया/नौतन : नौतन थाना के हरदीपट्टी गांव में शनिवार को हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. विस्फोट से एक घर पूरी तरह ध्वस्त हो गया जबकि तीन घर क्षतिग्रस्त हो गये. इस घटना में पांच बकरियों की भी मौत हो गयी. विस्फोट स्थल पर अवैध रूप से पटाखा बनाया जाता था.
सभी घायलों को इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया भेजा गया. घटनास्थल से पटाखा बनाने का एक बोरा कच्चा सामान बरामद किया गया जिसमें सूतरी, बारूद शामिल है. मरने वाले की पहचान नुरैन मियां के रूप में की गयी है. वह कई वर्षों से अवैध पटाखा फैक्ट्री का संचालन कर रहे थे.
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह हरदीपट्टी गांव में अचानक जोरदार धमाका हुआ. नुरैन मियां के घर के आसपास पूरा आसमान धुआं से घिर गया. धमाका इतना जोरदार था कि कई किलोमीटर तक उसकी आवाज सुनायी दी. हरदीपट्टी समेत बैंकुंठवा, खड्डा, झखरा आदि गांवों में अफरातफरी मच गयी.
जब तक लोग नुरैन मियां के घर के पास पहुंचे तब तक झुलसने से उनकी मौत हो गयी थी. वहीं नुरैन के पड़ोसी अनारुल मिया का घर विस्फोट से पूरी तरह ध्वस्त हो गया था और मोख्तार मियां व आलम मियां का घर क्षतिग्रस्त हो गया. मलबे में दबकर अनारुल, उनके पुत्र मेराज, पुत्री शब्बू आरा और मुख्तार मियां घायल हो गये थे.घायलों की हालत खतरे से बाहर है.
घटना की सूचना मिलते हीं एसडीपीओ पंकज कुमार रावत, नौतन थानाध्यक्ष संजीव कुमार निराला समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी पहुंचे. एसपी जयंतकांत वहां पहुंचकर सर्च अभियान चलाया. इस दौरान बम व पटाखा बनाने का एक बोरा कच्चा सामान बरामद किया गया. जिसमें सूतरी, बारुद भी बरामद किया गया. एसडीपीओ पंकज कुमार रावत ने बताया कि बरामद सामग्री को जांच के लिए भेजा जा रहा है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.