जेल जायेंगे मोबाइल टॉवरों की सील तोड़ने वाले लोग: सभापति
सभापति बोलीं, मार्च 19 तक में ही हुई है 21.78 करोड़ की देनदारी
बेतिया : नप क्षेत्र के कुल 71 मोबाइल टॉवरों को सील करने का अभियान शुक्रवार को क्रिश्चियन क्वार्टर के वार्ड 8 से शुरू किया गया. अभियान का नेतृत्व सभापति गरिमा सिकारिया ने खुद किया. उन्होंने बताया कि करीब 22 करोड़ के बकायेदार इन टॉवरों को क्रमवार सील कर दिया जायेगा. नप सभापति ने बताया कि पहले दिन कुल 2.09 करोड़ के बकायेदार पांच टॉवरों को सील करने का लक्ष्य निर्धारित कर के कार्रवाई सुबह से ही शुरू कर दी गयी है.
पहली कार्रवाई में क्रिश्चियन क्वार्टर के वार्ड 8 में स्थित परमजीत मल्हन के तीन मंजिले मकान पर लगे दो कंपनियों के टॉवर को सील करने पहुंची नप की टीम से शुरू में मकान मालिक उलझ गये.
किसी के घर के अंदर अचानक घुसने का विरोध कर रहे परमजीत कुमार मल्हन को ईओ मनोज कुमार ‘पवन’ ने कड़े लहजे में चेताया. उन्होंने कहा कि सील करने की नोटिस जनवरी 19 में ही देने के करीब 6 माह बाद हम पहुंचे हैं. अब हमारी सरकारी कार्रवाई में आपने कोई व्यवधान डाला तो हमारी आगे की कार्रवाई के लिए आप खुद जिम्मेदार होंगे. तब अचानक नरम पड़े मकान मालिक नप प्रशासन की नोटिस टॉवर लगाने वाली कंपनियों को नोटिस भेजवा देने की बात कह कर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने की कोशिश करने लगे. मौके पर मौजूद वार्ड पार्षद मनोज कुमार व टैक्स दारोगा रमन कुमार ने उन्हें नियम समझा कर शांत कराया.
नप के टैक्स दारोगा रमन कुमार ने बताया कि आज की छापेमारी में खुलासा हुआ है कि अपने तीन मंजिला मकान के केवल निजी उपयोग का सेल्फ रिटर्न भरते रहने वाले मकान मालिक परमजीत मल्हन ने तीसरी मंजिल के ऊपर 90 वर्गफीट से भी अधिक फ्लोर का कमर्शियल टैक्स 10 साल से छिपाया है. जो सालाना 29160 रुपये के हिसाब से 2 लाख 91 हजार 600 होगा. इस रकम के विरुद्ध ब्याज की रकम 2 लाख 98 हजार मिलाने पर इनको कुल 5 लाख 88 हजार की नोटिस भेजी जा रही है. टैक्स दारोगा ने यह भी बताया कि यह रकम मोबाईल टॉवरों पर बकाया 31.41 लाख के अतिरिक्त होगी.
पार्षदों के घर में भी स्थापित हैं टॉवर : नाम नहीं खोलने की शर्त पर अनेक नपकर्मियों ने खुलासा भी किया कि आधे दर्जन से अधिक नगर पार्षदगण के घर या अन्य मकानों पर वर्षों से स्थापित टावरों पर करोड़ों का बकाया है.
