श्रीनगर : बिजली की कुव्यवस्था को लेकर पूजहां पटजिरवा में आक्रोश भड़क गया. इसको लेकर ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ विरोध जताया. उनका आरोप था कि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही, घटिया तार नहीं बदलने व आये दिन फ्यूज उड़ जाने से सप्लाई बंद है.
आक्रोशित लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर की क्षमता से अधिक लोड हो गया है.
इससे हमेशा फ्यूज और तार टूट जा रहा है. विभागीय अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन दिया जाता है, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है. प्रदर्शनकारियों में दरोगा पटेल, राजेश्वर राम, सुधीर प्रसाद, पंकज कुमार वर्मा, हरिकृष्ण प्रसाद, राजेश साह, उपेंद्र यादव, ध्रुव साह, उपेंद्र भगत, छोटा पटेल समेत दर्जनों शामिल रहे. इन प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं की संख्या हजारों में है. इससे ट्रांसफार्मर की क्षमता बहुत कम होने के कारण बार-बार फ्यूज उड़ने आदि समस्या का बनी रहती है.
उनका कहना था कि यहां तीन ट्रांसफार्मर की आवश्यकता है. अगर शीघ्र ही अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की व्यवस्था नहीं की गई तो इसके लिए आंदोलन चलाया जाएगा. इधर सरकार द्वारा बार-बार निर्देश दिया जाता है कि बिजली की कमी उपभोक्ताओं को नहीं होनी चाहिए. जबकि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह समस्या उपभोक्ताओं को झेलनी पड़ रही है.
