लोग बोले, पुल निर्माण की दिशा में सकारात्मक पहल नहीं होने पर करेंगे वोट का बहिष्कार
लौरिया : प्रखंड के देवराज के बरबीरो गांव के सिकरहना नदी घाट पर पुल निर्माण एवं डिग्री कॉलेज सहित अस्पताल सहित अन्य 8 मांगों के समर्थन में सैकड़ों की तायदाद में ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन किया.
इस दौरान देवराज के विकास के प्रति भेदभाव करने को लेकर जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध जमकर गगनभेदी नारे लगाये. इसको लेकर देवराजवासी काफी आक्रोशित एवं नाराज दिखे. उनका कहना था कि पुल निर्माण की दिशा में ठोस व सकारात्मक पहल न होने पर देवराज वासी मतदान का बहिष्कार कर सकते हैं.
ग्रामीणों का नेतृत्व कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता मो. सब्बीर उर्फ मुन्ना भाई, गुल अनवर खान व नसीम ने किया. जबकि मौके पर डबलू, नसीम, हिटलर, असगर इमाम, ई. अफरोज, मो. दाउद, बाबूजान अंसारी, आजाद अंसारी, गैसुल आजम, सफदर इमाम, नसरुदीन हवारी, मो. हन्नान सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे.
इनका कहना था कि आजादी के सतर साल बीतने के बाद भी देवराज में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है. नहर व सड़क जर्जर हो गये हैं. एक लाख की आबादी वाले मुस्लिम बाहुल्य इलाके का केवल वोटबैंक के रुप में इस्तेमाल हुआ है. सभी राजनीतिज्ञ दल केवल वोट के समय ही देवराज को याद करते हैं.
जबकि बरबीरो घाट सिकरहना नदी पर यदि पुल बन जाता है तो बगहा या उतर प्रदेश जाने में देवराज सहित आसपास के करीब तीन दर्जन गांव के लोगों को लगभग पंद्रह किलोमीटर का बचत होगा. ग्रामीणों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रति भी काफी नाराजगी दिखी. उनका कहना था कि देवराज में डिग्री कॉलेज की स्थापना, अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पताल, जर्जर सड़क व बरबीरो घाट पर पुल निर्माण सहित आठ मांगों के समर्थन में ग्रामीण गोलबंद हुए हैं.
