शहर के पुरानी बाजार में कुत्तों ने हिरण को काट कर किया जख्मी
आधी रात को पहुंची पुलिस ने वन विभाग के किया हवाले
नरकटियागंज : वीटीआर के जंगल से भाग कर एक नर हिरण गुरुवार की रात शहर के पुरानी बाजार अवस्थित सरेह तक पहुंच गया. हिरण को कुत्तों ने बुरी तरह काट कर जख्मी कर दिया. हिरण के शहर में प्रवेश करने की सूचना व कुत्तों के लगातार भौंकने के बाद स्थानीय युवकों ने जब मेन रोड से सटे सरेह की ओर देखा तो हिरण घायल अवस्था में पड़ा था और उसके चारों ओर कुत्ते भौंक रहे थे.
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना शिकारपुर थानाध्यक्ष उग्रनाथ झा को दी और घायल हिरण को नजदीक के वेटनरी डाक्टर शंकर प्रसाद चौरसिया के यहां ले जाकर इलाज शुरू करवा दिया. उसके पीछे के पैर में कई जगहों पर कुत्तों ने बुरी तरह काट कर जख्मी कर दिया था. डॉ चौरसिया ने शिकारपुर पुलिस के दफादार शंभु सिंह व स्थानीय युवकों में शामिल प्रमोद जायसवाल, गुड्डु जायसवाल, पप्पु जायसवाल, अरुण शर्मा, सुनील कुमार, नासिद असरफ की मदद से हिरण का इलाज किया. इसके बाद पुलिस की ओर से वन विभाग को सूचना दी गयी और वन विभाग की टीम हिरण को अपने साथ लेकर चली गयी.
थानाध्यक्ष उग्रनाथ झा ने बताया कि घायल हिरण को वन विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया है. स्थानीय युवकों के बेहतर कार्य के लिए थानाध्यक्ष ने बधाई दी है. वहीं जदयू नेता अनिल कुमार का कहना है कि हिरण आखिर शहर में कैसे प्रवेश कर गया यह समझ से परे है.
