मझौलिया : आगामी छह मार्च को मझौलिया प्रखंड मुख्यालय पर धरने की तैयारी को लेकर प्रखंड के राजद कार्यकर्ताओं की एक बैठक कन्या मध्य विद्यालय मझौलिया में रविवार को संपन्न हुई. इस बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष सुरेंद्र मुखिया ने की. इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण राज्य में बेरोजगारी आये दिन बढ़ती जा रही है. युवा वर्ग रोजगार की तलाश में दूसरे राज्य व विदेशों के लिए धड़ल्ले से पलायन कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार नौजवानों को रोजगार देने के बदले अपनी उपलब्धियों गिना-गिनाकर पीठ थपथपा रही है. उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सरकार की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया.
इस बैठक में चीनी मिल के खिलाफ किसानों की समस्याओं, नल-जल, राशन-किरोसिन आदि योजनाओं में अनियमितता के खिलाफ आगामी छह मार्च को प्रखंड मुख्यालय पर धरना आदि पर विचार-विमर्श किया गया. इस बैठक के मौके पर म. इरफान, म. मुस्तफा, डॉ अमीन अहमद, विक्रमा प्रसाद, खूबनंदन चौरसिया, उधव शर्मा, जयलाल यादव, भुटी यादव, अवधेश दूबे, शाह आलम, फुलदेव यादव, जयसी राम, बशीर आलम, मकसूद आलम, कृष्णा राम, रेयाजुल हक, फजील अहमद आदि उपस्थित रहे.
