बेतिया : शहर के अति व्यस्त सुप्रिया रोड में जनता दल यूनाइटेड शरद गुट के जिलाध्यक्ष अमित कुमार के बाइक की डिक्की तोड़कर अपराधियों ने 70 हजार रुपये उड़ा लिया है. इस बारे में गोपालपुर थाना के घोघा निवासी जदयू (शरद गुट) जिलाध्यक्ष अमित कुमार ने नगर थाने में आवेदन दिया है.
थाने में दिये गये आवेदन में उन्होंने बताया है कि वे एचडीएफ बैंक से रुपये की निकासी कर अपने बाइक की डिक्की में रखे थे.बैंक से निकासी की गयी राशि 100-100 की गड्डी थी. सुप्रिया रोड स्थित सिद्धांत ट्रेडर्स के सामने बाइक खड़ी की थी.
वह दुकान के भीतर चले गए. जब 10 मिनट के बाद बाहर निकलकर बाइक के पास गये तो देखा कि डिक्की टूटी हुई है व उसमें रखे रुपये गायब है. थानाध्यक्ष नित्यानंद चौहान ने बताया कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गयी है. अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है.
जाली नोट के साथ पुलिस ने एक को िकया गिरफ्तार
बेतिया/सुगौली. जाली नोट तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापेमारी कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. उसके पास से 2100 के जाली नोट व एक बाइक जब्त किया है. गिरफ्तार रामलाल सहनी का पुत्र चुन्नीलाल सहनी (37) कंगली थाना पश्चिम चंपारण के दक्षिण सिधवलिया का रहनेवाला है.
इस बाबत थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के मालदा से सेमरा में सेंपल के तौर पर जाली नोट लेकर आया हुआ है. रविवार की रात में थाने रोशनपुर सपहा के समीप छापेमारी की गयी.
इस दौरान चुन्नीलाल सहनी को सौ रुपये के 21 जाली नोट के साथ गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार वह पेशेवर जाली नोट तस्कर है. पूछताछ में चुन्नीलाल ने बताया है कि वह पश्चिम बंगाल के मालदा से नोट ला रहा था. उसने स्थानीय मार्केट में आम लोगों के माध्यम से चलाने की योजना बनायी थी. उछापेमारी का नेतृत्व थानाध्यक्ष सुनील कुमार कर रहे थे. छापेमारी दल में पुलिस सअनि शिव प्रसाद रजक सहित पुलिस जवान शामिल थे.
