बेतिया : बिहार राज्य चिकित्सा कर्मचारी संघ के बैनर तले 102 एंबुलेंस कर्मियों ने अपने विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर सोमवार को हड़ताल किया. साथ ही सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष सभा भी की.
एंबुलेंस कर्मियों को कहना था कि वेतन से भविष्य निधि और कर्मचारी राज्य बीमा का अंशदान की कटौती के बावजूद उसे जमा नहीं किया जाने, समय पर वेतन का भुगतान नहीं करने, प्रतिदिन 12 घंटे ड्यूटी लेने एवं नियुक्ति पत्र व वेतन पर्ची कर्मियों को नहीं दिया जा रहा है. इसी के विरोध में वे एक दिवसीय हड़ताल पर हैं. उनका आरोप था कि छह माह से ऊपर का समय बीत जाने के बावजूद 102 एंबुलेंस कर्मियों को नियुक्ति पत्र व वेतन पर्ची आदि जैसे समस्याओं का समाधान लंबित है. इसके बावजूद एंबुलेंस कर्मियों ने बिना किसी रूकावट के काम जारी रखा है. इतना ही नहीं कानूनी प्रावधानों को दरकिनार करते हुए इन कर्मियों को सप्ताहिक अवकाश से भी वंचित रखा जा रहा है. साथ ही दीवाली, होली, दशहरा समेत अन्य 36 तरह के किसी भी त्योहार में भी कोई छुट्टी नहीं दी जाती है और इन छुट्टियों के दिन भी काम करने पर किसी प्रकार का कोई अतिरिक्त वेतन भी नहीं दिया जाता है, जो निर्धारित कानून का स्पष्ट रूप से उल्लंघन है. इसलिए वे अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर जमे हैं.
