रसीद काटने व नये गैस कनेक्शन के नाम पर उगाही का आरोप
एमओ ने कहा होगी आरोपों की जांच
सिकटा : प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान भवन में बीडीसी की बैठक प्रखंड प्रमुख नितिन कुमार उर्फ संजू श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में गैस की होम डिलिवरी नहीं होने का मुद्दा छाया रहा. उप प्रमुख प्रमोद सिंह ने सदन के माध्यम से सिकटा गैस एजेंसियों के कर्मियों की मनमानी, एजेंसी के उज्वला योजना में लूट-खसोट एवं नए कनेक्शन लेने के नाम पर उपभोक्ताओं से अवैध उगाही समेत कई बिंदुओं को प्रमुखता से उठाया. प्रखंड प्रमुख ने बताया कि गैस एजेंसी कर्मियों की मनमानी इतनी बढ़ गई है कि वह बैठक में बुलाने के बावजूद भी नहीं आते हैं.
आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं से 700 से 800 रुपये की अवैध उगाही गैस देने के नाम पर की जा रही है. उधर एमओ ने गैस एजेंसी कर्मी की मनमानी पर जांच करने की बात कही. बैठक में समिति सदस्य कमलेश ने बिजली विभाग के कर्मियों पर11 सौ रुपये लेकर 900 की रसीद काटने का आरोप लगाया है. इसके साथ ही फसल क्षति की गड़बड़ी का मुद्दा भी बैठक में उठा. इसके अलावा मनरेगा, कृषि, आपूर्ति, शिक्षा, समेत कई अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई.
पुरानी बैठक की कार्यवाही की समीक्षा भी की गई. मौके पर बीडीसी सदस्य उत्कर्ष उर्फ मनी श्रीवास्तव, मुखिया संघ के अध्यक्ष अजय यादव, मुखिया उमाशंकर यादव, प्रवेश महतो, श्रीकांति देवी, मन्नू पासवान, मुखिया पति संजय साह, बीडीसी सदस्य भीम बली, अरविंद कुमार, मोती राम, श्री राम, बीडीओ मिथिलेश कुमार, सीओ धर्मेंद्र प्रसाद गुप्ता, एमओ सुशील प्रताप सिंह. बीईओ समेत कई अन्य कर्मी एवं जनप्रतिनिधि शामिल रहे.
