शहर के महाराजा स्टेडियम के समीप तीन बाइक सवार अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
घायल युवक को पेट व हाथ में
मारा गया है चाकू
जख्मी हालत में युवक का जीएमसीएच सह एमजेके अस्पताल में चल रहा है इलाज
बेतिया : महाराजा स्टेडियम के समीप रविवार की देर शाम एक युवक को चाकू से गोद दिया. युवक को पेट व हाथ में चाकू मारी गयी है. घायल युवक छोटा रमना निवासी मनीष कुमार बताया गया है. घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार हमलावर फरार हो गये.
जख्मी हालत में मनीष को स्थायीय लोगों के सहयोग से इलाज के लिए जीएमसीएच सह एमजेके अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मनीष का इलाज कर रहे चिकित्सकों ने उसे खतरे से बाहर बताया है. घटना के कारण का पता नहीं चल सका है,
हालांकि पुरानी रंजिश में चाकू मारने की आशंका जताई जा रही है. इलाज के दौरान मनीष ने बताया कि रविवार की देर शाम करीब आठ बजे वह आलोक भारती चौक से अपने घर छोटा रमहना की ओर लौट रहा था. जैसे ही महाराजा स्टेडियम के समीप पहुंचा सुपर स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक आए और उसके उलझ गए. नोकझोंक और धक्का-मुक्की करने लगे. जब उसने तीनों का विरोध किया ,तो उनमें से एक युवक ने हाथ में लिए चाकू (उस्तरा) उसके पेट में घोंप दिया. वे लोग इतना पर ही नहीं रुके और पेट में दो तीन जगह वार किए. उनके हमला रोकने के दौरान उसका हाथ भी कट गया. चाकू के वार से लहूलुहान होने के बाद उनसे बचने के लिए वह बाजार की तरफ भागा, तो अब तीनों हमलावर भी फरार हो गए. आसपास के लोगों ने इलाज के लिए उसे एमजेके अस्पताल अस्पताल में भर्ती कराया. मनीष ने बताया कि हमलावरों में वह एक को पहचानता है. वह भोला उर्फ अनुपम कुमार है. पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है.
