सिकटा (पचं) : बेतिया-मैनाटांड मुख्य पथ पर गोपालपुर थाने के पास ओवर लोडेड गन्ना लदे ट्रक के पलट जाने से बाइक पर सवार दो भाइयों की दब कर मौत हो गयी. गोपालपुर थानाध्यक्ष आर रहमान समेत तीन जख्मी हुए हैं. दोनों की पहचान नेपाल के परसा जिले के जयमंलापुर गांव के लालबाबू गिरि के पुत्र रोशन (16) और मुकेश (20) के रूप में हुई है. पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक बिरइठ गांव से गन्ना लोड कर गोपालपुर के रास्ते निकल रहा था.
गोपालपुर थाने के पास बांधी गयी रस्सी एक पेड़ में फंस गयी. ट्रक असंतुलित होकर पलट गया. इसी बीच उधर से गुजर रहे दो बाइक सवार उसकी चपेट में आ गये. इनमें एक बाइक पर सवार रोशन और मुकेश ट्रक के नीचे दब गये. उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी, वहीं दूसरी बाइक पर बलथर थाने के सड़किया टोला निवासी राकेश गिरि व उनकी पत्नी जख्मी हो गये. उन्हें इलाज के लिए बेतिया भेजा गया.
