छापेमारी . आॅफिसर्स कॉलोनी के पास बन रही थी शराब
खास बातें
शहर से सटे पिपरा धांगड़ टोली व लालगढ़ में पुलिस व उत्पाद विभाग ने छापेमारी कर पांच को किया गिरफ्तार, हड़कंप
46 लीटर निर्मित व 900 लीटर अर्धनिर्मित शराब बरामद, तोड़ी गईं भठ्ठियां
बेतिया : आफिसर्स कॉलोनी के समीप मिनी शराब फैक्ट्री चल रही थी. यहां भट्ठियां रात में धधकती थी और शराब बनायी थी. फिर यहीं पर पीने-पिलाने का भी दौर चलता था. इसका खुलासा शुक्रवार को उस समय हुआ, जब उत्पाद व मुफस्सिल थाने की पुलिस ने यहां छापेमारी की.
टीम यहां पहुंची, तो शराब की मिनी फैक्ट्री देख दंग रह गई. टीम ने मौके से भारी मात्रा में निर्मित व अर्धनिर्मित शराब बरामद की. इसके साथ ही टीम ने यहां से कुल पांच लोगों को गिरफ्तार भी किया. इनमें से तीन यहां शराब पीने पहुंचे थे.
दो इस कारोबार से जुटे थे. खुलासा होने के बाद हड़कंप मचा हुआ है.
उत्पाद अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की कार्रवाई की गयी. मुफस्सिल पुलिस के साथ पीपरा धांगड़ टोली एवं लालगढ़ फार्म में की गई संयुक्त छापेमारी में दो कारोबारी सहित पांच गिरफ्तार किये गये. इस दौरान 46.500 लीटर चुलाई शराब जब्त की गयी, जबकि शराब निर्माण के लिए बनाई गईं दो चुलाई भट्ठियों अौर 900 लीटर अर्द्धनिर्मित शराब विनष्ट की गयी.
पॉश इलाके से सभी पकड़ाये
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना के सेखौना मठ निवासी मनोज साह, मंशा टोला निवासी मुर्तुजा अली, बेलदारी निवासी जितेंद्र कुमार राम, लालगढ़ निवासी प्रदीप धांगड़ एवं पप्पू धांगड़ के रूप में की गयी. बता दें कि पिपरा धांगड़ टोली आफिसर्स कॉलोनी से सटा हुआ है. यहां डीआइजी से लेकर डीएम, एसपी व अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों का आवास है.
