बेतिया : जिलाधिकारी डाॅ निलेश रामचंद्र देवरे ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अस्वस्थता के कारण सात दिसंबर से होने वाली विकास कार्यों की समीक्षा यात्रा को तत्काल स्थगित करने का निर्देश प्राप्त हुआ. बुधवार को राज्य के वरीय पदाधिकारियों की ओर से जानकारी दी गयी है कि यह यात्रा अब 12 दिसंबर को होगी.
12 को ही मुख्यमंत्री बगहा के पतिलार में पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार आमसभा करने के बाद 132 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास एवं उदघाटन करेंगे. वहीं दूसरा पड़ाव कटैया में होगा . जहां कटैया पंचायत के वार्डों में मुख्यमंत्री सात निश्चय योजनाओं के क्रियान्वयन का अवलोकन करेंगे. वार्डों का भ्रमण भी करेंगे. वैसे कटैया को कृषि विभाग ने भी जैविक ग्राम के रुप में परिणत करने की योजना बनायी है. जैविक ग्राम का दर्जा दिलाने के लिए विभागीय टीम यहां बायोगैस यूनिट देने का भी काम कर रही है. यह यात्रा सात दिसंबर से होने वाली थी.
