लोक संघर्ष समिति के बैनर तले भितिहरवा आश्रम में 42 लोगों ने लिया उपवास का संकल्प
गौनाहा : लोक संघर्ष समिति के बैनर तले भितिहरवा आश्रम में परचाधारी, भूमिहीन व विस्थापितों ने 100 घंटे का उपवास शुरू किया है. अरुण दास, प्रो. प्रकाश, अमर राम, पंकज समेत कुल 42 लोगों ने उपवास का संकल्प लिया. उनका कहना है कि मंगलवार से प्रारंभ उपवास सात अक्तूबर को 100 घंटे तक जारी रहेगा.
आंदोलनकारियों ने कहा कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने सिलिंग की जमीन व चंपारण सत्याग्रह शताब्दी तक परचाधारियों को सौंपने का एलान किया था. लेकिन, यह आश्वासन हवा- हवाई बनकर रह गया. जिनकी जमीनें नदियों में आयी बाढ़ में कट कर बह गयी हैं. उन विस्थापितों के लिए सरकार अभी तक कुछ नहीं कर सकी है. वे विस्थापित अभी दूसरे के घर में व सड़क पर रहने को मजबूर हैं.
आंदोलनकारियों ने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगे नहीं सुनी, तो यह कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा.
पंचायत प्रतिनिधियों का अनशन जारी
गौनाहा. भितिरहवा गांधी आश्रम में पंचायत प्रतिनिधियों का मंगलवार को अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा. इस दौरान अनशनकारी अब्दुल हमीद की हालत ज्यादा बिगड़ गयी. उन्हें आनन-फानन में गौनाहा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. जहां से चिकित्सकों ने इलाज के बाद बेतिया रेफर कर दिया. जबकि अनशन स्थल पर डॉ. रासबिहारी प्रसाद के नेतृत्व में टीम मौजूद रही. अनशन पर बैठे पंचायत प्रतिनिधियों की शिकायत है कि तीन दिन बीत गये. लेकिन प्रखंड, अनुमंडल या जिला प्रशासन ने इसका जायजा नहीं लिया. विदित हो कि बाढ़ राहत में गड़बड़ी व सर्वे सूची में किसान सलाहकार विजय चौरसिया की ओर से अपने ही परिवार के छह लोगों का नाम सर्वे सूची में जोड़ने से नाराज ग्रामीण व पंचायत प्रतिनिधियों ने किसान सलाहकार, पीआरएस के खिलाफ एफआइआर कराने व उनके निलंबन की मांग की है. वंचित बाढ़ पीड़ितों को लाभ दिलाने के लिए अनशनकारी मांग पर डटे हुए हैं.
