मुजफ्फरपुर जानेवाली इंटरसिटी एक्सप्रेस रद्द
नरकटियागंज : एक तरफ त्योहार के कारण ट्रेनों में भीड़ बढ़ रही है. वहीं, दूसरी तरफ कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है. नतीजतन नरकटियागंज से मुजफ्फरपुर या नरकटियागंज से गोरखपुर जाने वाली ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है.
गोरखपुर नरकटियागंज व मुजफ्फरपुर रेलखंड में सात जोड़ी सवारी गाड़ी को रद्द किया गया है.
इससे उक्त रेलखंड के छोटे -बड़े स्टेशन तक जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. इस संबंध में समस्तीपुर मंडल के वरीय परिचालन प्रबंधक रूपेश कुमार ने बताया कि नरकटियागंज चमुआ के बीच ट्रैक मरम्मत के लिए प्रतिदिन दो से तीन घंटे तक ब्लॉक लिया जा रहा है, जिससे उक्त ट्रेनों को रद्द किया गया है. उन्होंने बताया कि मरम्मत का काम पूरा होते ही सभी रद्द गाड़ियों का परिचालन शुरू किया जायेगा.
इन ट्रेनों को किया गया है रद्द : ट्रेन रद्द होने की जानकारी देते हुए स्टेशन प्रबंधक लालबाबू राउत ने बताया कि नरकटियागंज गोरखपुर रेलखंड में गोरखपुर से आने वाली सवारी गाड़ी संख्या 55082, 55072, 55030 व 55074 नरकटियागंज से गोरखपुर जाने वाली सवारी गाड़ी 55081, 55071, 55041 व 55073 विगत 16 सितंबर से रद्द है. उन्होंने बताया कि नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर रेलखंड में मुजफ्फरपुर से
नरकटियागंज आने वाली सवारी गाड़ी संख्या 55209 व 75238 सवारी गाड़ी एवं नरकटियागंज से मुजफ्फरपुर जाने वाली 55214 व 75237 सवारी गाड़ी विगत 16 अगस्त से रद्द है. वहीं, इंटरसिटी एक्सप्रेस 25202 एवं नरकटियागंज से मुजफ्फरपुर जानेवाली इंटरसिटी एक्सप्रेस 25201 विगत 18 सितंबर से रद्द है.
