मिसाल सांप्रदायिक एकता की नजीर पेश कर रहा धमौरा गांव, दुर्गा पूजा कमेटी में दस मुस्लिम व दस हिंदू समुदाय के लोग शामिल
साठी (बेतिया) : धमौरा पंचायत के पूर्व मुखिया गुलाब जाकिर दुर्गापूजा की तैयारियों में जुटे हैं. वह धमौरा गांव के माईस्थान पर हो रही पूजा में एक-एक चीज का प्रबंध कर रहे हैं. मां की मूर्ति से लेकर पूजन सामग्री तक की लिस्ट को अंतिम रूप दे रहे हैं. ऐसे ही गांव में मोहर्रम पर निकलनेवाले जुलूस की चिंता देवेंद्र कुमार झा समेत अन्य लोग कर रहे हैं.
यह लोग मातम में शामिल होंगे. धमौरा गांव आपसी एकता का मिसाल बन गया है. ऐसे माहौल में जब देश में असहिष्णुता व सांप्रदायिकता की बात हो रही है. इस गांव के लोग रास्ता दिखा रहे हैं. इन लोगों का कहना है कि आपसी एकता से बढ़ कर कोई चीज नहीं है.
धमौरा गांव में दुर्गापूजा के आयोजन के लिए जो समिति बनी है. उसके अध्यक्ष देवेंद्र कुमार झा हैं, तो सचिव गुलाब जाकिर. बीस सदस्यीय कमेटी में हिंदू समुदाय के दस लोग हैं,
तो मुस्लिम समाज के भी दस लोगों को जगह दी गयी है. समिति के अध्यक्ष व सचिव ने संयुक्त बयान जारी किया है. इसमें कहा गया है कि हमलोग सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारे की मिसाल कायम कर रहे हैं. क्षेत्र के लोगों को यह दिखाना चाहते हैं कि दोनों समुदाय एक साथ मिल कर जहां दुर्गापूजा का आयोजन कर रहे हैं, वहीं मोहर्रम को लेकर भी तैयारी कर रखी है. दोनों में कोई कोर-कसर नहीं रह जाये. इसका ख्याल रखा जा रहा है.
दोनों समुदाय के लोग ही एक-दूसरे का सम्मान करते हुए श्रमदान कर रहे हैं. गुलाब जाकिर ने कहा कि इलाके में मुहर्रम Âबाकी पेज 13 पर
हिंदू-मुस्लिम िमलकर
पूजा में भाग
की तैयारी भी जोरों पर है. हम आयोजन के प्रत्येक बिंदु पर चर्चा कर रहे हैं. इसमें पंडाल से लेकर जुलूस व भंडारे तक की तैयारी पर बात हो रही है. ऊपरवाले ने पैदा करते वक्त हमें सिर्फ इंसान बनाया. हम धरती पर आकर हिंदू और मुसलमान में बंट गये, लेकिन हमारा रंग और खून दोनों एक है. मनुष्य की कोई जाति नहीं होती. सबसे पहले हम इस हिंदुस्तान में पैदा हुए हैं. इसलिए हिंदुस्तानी हैं. दोनों समुदायों में चंद ऐसे रहनुमा हैं, जो अपनी रोटी सेंकने के लिए लड़ाने और भिड़ाने का काम करते हैं.
पूर्व उपप्रमुख रैफुल खां ने कहा कि क्षेत्र के लोगों में इस पूजा से एक अलग ही संदेश जायेगा. व्यवस्थापक इंद्रकांत झा ने क्षेत्र के लोगों से दुर्गापूजा और मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की. पूजा व मोहर्रम की तैयारियों में शेख सुलेमान, विजय नारायण झा, मसरफ हुसैन, पशुपति नाथ झा, मोजाहिद बेग,पवन झा, बबलू मिश्र, मो मुसलिम, बृजेश झा, गुलाब साकिब, हरिश्चंद्र यादव, मुनीब, अनिरुद्ध यादव, औरंगजेब, सुबोध झा प्रमुख रूप से लगे हैं. इसमें पूरे गांव के लोग शामिल होंगे.
