एसएसबी व रेल पुलिस ने की कार्रवाई
नरकटियागंज : मजदूरी के लिए हरियाणा जा रहे सात बच्चों को एसएसबी व रेल पुलिस ने संयुक्त रूप कारवाई करते हुए मुक्त कराया है. मुक्त कराये गए सभी को बेतिया बाल कल्याण समिति में रखा गया है. नरकटियागंज चाइल्ड लाइन के निदेशक शंभूनाथ मिश्र उर्फ ज्ञानी ने बताया कि बगहा एसएसबी को गुप्त सूचना मिली थी कि मजदूरी के लिए दूसरे प्रदेश में जाने के लिए बाल मजदूर बगहा स्टेशन पर है. सभी सत्याग्रह ट्रेन से हरियाणा जाने के फिराक में लगे हैं.
सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बगहा एसएसबी एवं रेल पुलिस ने सात बाल मजदूरों को बगहा स्टेशन से मुक्त कराया. इनकी पहचान नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया निवासी नरेश गिरी का पुत्र गोविन्द कुमार, लालबाबू साहनी का पुत्र प्रदीप कुमार, चौतरवा थाना क्षेत्र के कोसाई टोला निवासी रामायाण पासवान का पुत्र रूपेश कुमार, बेलवा मोड़ निवासी गौरी राम का पुत्र गुगली राम व मानपुर गांव निवासी महेन्द्र राम का पुत्र राकेश राम एवं शिकारपुर थाना क्षेत्र के ब्लॉक बरवा गांव निवासी शंभू गिरी का पुत्र चुल्लू गिरी व परशुराम गिरी का पुत्र ज्योति शंकर के रूप में हुई है.
उन्होंने बताया कि मुक्त कराये गये सभी बच्चों की उम्र लगभग 14 से 16 वर्ष के बीच है. जांच अभियान के दौरान एसएसबी के उपनिरीक्षक अशोक कुमार, उपेंद्र राम, सुनिल चंद्र पटेल, गौतम कुमार, अमित यादव व रेल पुल के रंजीत कुमार, इंतेजार आलम एवं चाइल्ड लाइन के टीम लीडर अरविन्द पांडेय, शंभू कुमार व मनोज पांडेय आदि शामिल रहे. साथ ही उन्होंने बताया कि वरीय अधिकारियों के आदेशानुसार सभी बाल मजदूरों को बेतिया बाल गृह में रखा गया है.
