इरफान आलम की पत्नी ने नौ लोगों पर दर्ज करायी प्राथमिकी
मोतिहारी : पहाड़पुर थाने के सरेया बाजार में जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प में घायल इरफान आलम (22) की मौत हो गयी. वहीं उसके पिता मौलवी मियां, भाई अफताब आलम व रूक्साना खातून का इलाज निजी नर्सिंग होम में चल रहा है. झड़प शनिवार दोपहर को हुई थी. इरफान का इलाज शहर के एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा था.
हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने रविवार को पटना रेफर किया. पटना जाते समय बीच रास्ते में उसकी मौत हो गयी. परिजन सोमवार सुबह शव लेकर सदर अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है. घटना को लेकर इरफान की पत्नी जरिना खातून ने पहाड़पुर थाने में आवेदन देकर नौ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करायी है. इसमें मिराज मियां, मोबारक मियां,बब्बर मियां,कुरैशा खातून, आसमा खातून, सैफन खातून, नुरेइमाम, रईस आलम व मोसाफिर मियां को आरोपित किया है.
उसने पुलिस को बताया है कि उक्त सभी आरोपी शनिवार को हरवे हथियार से लैस होकर घरारी की दस धूर जमीन पर कब्जा करने पहुंचे. विरोध करने पर इरफान के सिर पर रॉड से हमला कर दिया. उसे बचाने गये पिता मौलवी मियां, भाई अफताब आलम व रूक्साना खातून को तलवार से मार जख्मी कर दिया. थानाध्यक्ष अनुज कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है. सभी आरोपी घर छोड़ फरार है. उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
