लापरवाही : मोतिहारी के प्राथमिक विद्यालय बरकुरवा का मामला, ग्रामीणों ने ताला तोड़ निकाला
मोतिहारी : सदर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय बरकुरवा में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. शनिवार को विद्यालय के कक्षा दो का छात्र श्याम कुमार (7) चार घंटे तक क्लास रूम में बंद रहा. छुट्टी के बाद सभी छात्र-छात्राएं घर चले गये, जबकि श्याम क्लास रूम में ही रह गया. किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी. कमरे का ताला बंद कर शिक्षिकाएं भी घर चली गयीं.
श्याम चिल्लाता रहा, लेकिन उसकी आवाज किसी ने नहीं सुनी. बाद में उसने खिड़की से आवाज लगायी, तो ग्रामीणों ने पहुंच कर ताला तोड़ उसे बाहर निकाला. इसके बाद एक शिक्षिका को फोन कर घटना की जानकारी दी गयी. बावजूद कोई स्कूल नहीं पहुंचा. इससे नाराज ग्रामीणों ने स्कूल में तालाबंदी कर दी. वे शिक्षिका चंचला कुमारी व पूनम कुमारी के तबादले की मांग पर अड़ गये.
घटना की सूचना पर डीइओ प्रभात कुमार पंकज, थानाध्यक्ष मनीष कुमार व बीइओ लखिंद्र दास ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने. उनका कहना था कि जबतक दोनों शिक्षिकाओं के तबादले का आदेश नहीं दिया जाता, तब तक स्कूल में ताला बंद रहेगा.
डीइओ ने दोनों शिक्षिकाओं के तबादले का आश्वासन दिया, इसके बाद ताला खोला गया. घटना को लेकर छात्र श्याम कुमार के पिता रमेश पासवान ने शिक्षिका चंचला व पूनम के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है.
दलित शिक्षक की पोस्टिंग पर अड़े ग्रामीण. ग्रामीणों ने डीइओ से शिक्षिका चंचला वपूनम को हटा कर उनकी जगह दो दलित समुदाय के शिक्षकों की पोस्टिंग करने की मांग की है. उनका कहना था कि कि दोनों शिक्षिकाएं स्कूल में पढ़नेवाले दलित बच्चों के साथ भेदभाव करती हैं. एमडीएम भी नहीं चखतीं. चखनी रजिस्टर पर दोनों शिक्षिकाओं का हस्ताक्षर नहीं था.
