मोतिहारी : ग्रामपुर थाने के नौतनडीह गांव में एक परिवार पांच लोगों को फरसा व चाकू मार घायल कर दिया गया. घायलों में लक्ष्मी देवी सहित उसके पुत्र पप्पू पासवान, राजेश पासवान के अलावे सुरेंद्र पासवान व हरेंद्र पासवान शामिल है. सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना बुधवार रात करीब नौ बजे की है. बताया जाता है कि लक्ष्मी देवी सहित उसके परिवार के लोग दरवाजे पर बैठे थे. इस दौरान 15-20 की संख्या में हरवे हथियार से लैस कुछ लोगों ने अचानक हमला कर दिया. पहले पप्पू पासवान को गड़ासी से मारा. उसे बचाने गये राजेश, हरेंद्र व सुरेंद्र सहित लक्ष्मी देवी को भी मार कर लहुलुहान कर दिया. घटना को लेकर लक्ष्मी ने पुलिस कैम्प में आवेदन दिया है. उसने ग्रामीण प्रदीप महतो, मुकेश महतो, नितेश महतो व माधो महतो सहित अन्य को आरोपित किया है. उसने आरोप लगाया है कि उक्त सभी हथियार से लैस होकर दरवाजे पर पहुंच जाति सूचक गाली दी.
उसमें प्रदीप शराब की नशे में धूत था. सभी को घायल करने के बाद घर में घुसकर नकद व आभूषण सहित करीब ढाई लाख की संपत्ति लूटने का भी आरोप लगाया है. पुलिस कैम्प प्रभारी भरत राय ने बताया कि आवेदन मिला है. कार्रवाई के लिए आवेदन को संग्रामपुर थाना भेजा जायेगा.
