सोमेश्वर घाट पर गंगा नदी में नहाने के दौरान डूबा युवक
सोमवार की देर शाम स्नान करने के दौरान चला गया गहरे पानी में
बक्सर.
शहर के सोमेश्वर स्थान गंगा घाट पर सोमवार की देर शाम एक और जिंदगी गंगा की लहरों में समा गयी. जिले के हेठुआं-राजपुर गांव निवासी 20 वर्षीय भुअर कुमार स्नान के दौरान गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया. युवक बक्सर में रहकर पढ़ाई कर रहा था. घटना के बाद घाट पर कोहराम मच गया. टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भुअर कुमार सोमेश्वर स्थान के नजदीक रहकर पढ़ाई करता था. घटना से पूर्व गंगा स्नान करने वहां पहुंचा था. नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में चला गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह डूब चुका था. आसपास के युवकों द्वारा पानी में खोजने का प्रयास किया गया, पर उसका सुराग नहीं मिला. इसी बीच सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची. देर शाम तक युवक की तलाश जारी थी, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका. बताया जाता है कि एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है. उनके पहुंचने पर मंगलवार की सुबह फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जायेगा. गौरतलब है कि दो दिन पहले ही सोमेश्वर स्थान से महज कुछ दूरी पर त्रिमुहानी घाट पर एक आठ वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गयी थी. लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में दहशत है.