Buxar News : जिलाधिकारी के निर्देश पर डुमरांव के अनुमंडल कृषि पदाधिकारी वेद प्रकाश ने शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) केसठ का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के क्रम में इलाज कराने पहुंचे मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली. मरीजों ने अस्पताल में मिल रही सुविधाओं को लेकर संतोष जताया.
दवाओं की उपलब्धता और डॉक्टरों की उपस्थिति की जांच
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल कृषि पदाधिकारी ने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की जानकारी ली. जांच के दौरान सभी चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित मिले. उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित कर्मियों से आवश्यक जानकारी भी ली.
साफ-सफाई व्यवस्था भी मिली बेहतर
अधिकारी ने पीएचसी परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया. इस दौरान अस्पताल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर पायी गयी. बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनय कुमार को आवश्यक निर्देश भी दिए गये.
नवीन भवन निर्माण के कारण विद्यालय में संचालित हो रहा पीएचसी
अनुमंडल कृषि पदाधिकारी वेद प्रकाश ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर रूटीन निरीक्षण के तहत पीएचसी का जायजा लिया गया है. नवीन भवन का निर्माण कार्य चलने के कारण फिलहाल पीएचसी का संचालन विद्यालय भवन में किया जा रहा है. निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध सुविधाएं और व्यवस्थाएं ठीक-ठाक पायी गयीं. निरीक्षण से संबंधित रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जायेगी.
मौके पर डॉ. जियाउल हक, स्वास्थ्य प्रबंधक अभिषेक कुमार, चंदन भारद्वाज, रोहित कुमार, राकेश कुमार, रंजू कुमारी समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे.
