Buxar News : डुमरांव अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार ने शनिवार को अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. एसडीएम के अचानक अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्यकर्मियों में कुछ देर के लिए हलचल रही. उन्होंने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था, साफ-सफाई, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, दवा की उपलब्धता, भोजन और वार्डों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया.
जर्जर भवन देख एसडीएम ने जतायी चिंता, जल्द शुरू होगी मरम्मत
निरीक्षण के दौरान अस्पताल भवन की जर्जर स्थिति एसडीएम के सामने बड़ी समस्या के रूप में सामने आयी. उन्होंने भवन की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया. एसडीएम ने कहा कि मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए. भवन की मरम्मत का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाये.
वार्डों में रोज बदलनी होगी बेडशीट
एसडीएम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को वार्डों में प्रतिदिन बेडशीट बदलने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि नियमित सफाई और स्वच्छ बेडशीट से मरीजों को बेहतर वातावरण मिलेगा तथा संक्रमण की आशंका भी कम होगी.
जीविका दीदी की रसोई में भोजन की गुणवत्ता परखी
अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराये जा रहे भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की गयी. निरीक्षण के दौरान भोजन संतोषजनक पाया गया. एसडीएम ने जीविका दीदी द्वारा संचालित रसोईघर का जायजा लिया और वहां साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. अस्पताल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था भी जांची गयी, जो संतोषजनक पायी गयी.
दवा का स्टॉक और रिकॉर्ड मिला सही
दवाओं की उपलब्धता और रख-रखाव की स्थिति जानने के लिए एसडीएम ने संबंधित पंजी और रिकॉर्ड की जांच की. निरीक्षण में दवा का स्टॉक और रिकॉर्ड दुरुस्त पाया गया. ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक भी अस्पताल में मौजूद मिले. इस पर एसडीएम ने संतोष व्यक्त किया.
मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देना प्रशासन की प्राथमिकता
एसडीएम राजीव कुमार ने कहा कि मरीजों को बेहतर और सुचारु स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. अस्पताल प्रबंधन को नियमित निगरानी के साथ व्यवस्था को और बेहतर बनाने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने जर्जर भवन की मरम्मत सहित मरीजों की सुविधाओं से जुड़े सभी कार्यों को गंभीरता से लेने को कहा.
