Buxar News : शिक्षा विभाग के निर्देश के आलोक में प्रखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया. संगोष्ठी का उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा से जोड़ना, उन्हें संवेदनशील बनाना और विद्यार्थियों के लर्निंग गैप को कम करना रहा. विद्यालय स्तर पर आयोजित बैठक में बच्चों की पढ़ाई, उपस्थिति और शैक्षणिक प्रगति को लेकर अभिभावकों एवं शिक्षकों के बीच विस्तार से चर्चा हुई.
शत-प्रतिशत नामांकन और उपस्थिति पर जोर
मध्य विद्यालय केसठ में आयोजित संगोष्ठी में एमडीएम प्रभारी अनिल कुमार समेत शिक्षक एवं अभिभावक शामिल हुए. बैठक में शत-प्रतिशत नामांकन और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. साथ ही विद्यार्थियों में लर्निंग गैप को कम करने के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा हुई.
बच्चों के प्रदर्शन की अभिभावकों को दी जानकारी
बैठक के दौरान परीक्षाओं में बच्चों के प्रदर्शन, पढ़ाई में उनकी प्रगति और कमजोर विषयों को लेकर अभिभावकों को जानकारी दी गयी. शिक्षकों ने कहा कि बच्चों की शैक्षणिक सफलता के लिए विद्यालय के साथ-साथ घर का माहौल भी महत्वपूर्ण है. अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में नियमित रूप से सहयोग करने और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की गयी.
बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने पर विमर्श
संगोष्ठी में बच्चों के सर्वांगीण विकास को लेकर अभिभावकों के विचार और सुझाव भी लिये गये. स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने तथा बच्चों की पढ़ाई में माता-पिता की भागीदारी बढ़ाने को लेकर विस्तार से विमर्श किया गया. मौके पर प्रधानाध्यापिका किरण कुमारी, प्रधानाध्यापक मनोज कुमार, मुकेश कुमार, नसरूदीन अंसारी, अजय विक्रांत समेत अन्य शिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे.
