Buxar News : सरस्वती विद्या मंदिर अहिरौली, बक्सर में शिशु शिक्षा प्रबंध समिति एवं भारती शिक्षा समिति बिहार, पटना की ओर से आयोजित विभाग स्तरीय (भोजपुर विभाग) गणित-विज्ञान मेले का रविवार को समापन हो गया. दो दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन गया स्नातक क्षेत्र के एमएलसी जीवन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर और पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया.
विज्ञान और गणित के प्रयोगों में दिखी विद्यार्थियों की प्रतिभा
रविवार को विद्यार्थियों ने विज्ञान प्रयोग एवं प्रदर्श, गणित प्रयोग एवं प्रदर्श, कंप्यूटर प्रदर्श, पत्र वाचन, मूर्तिकला, कथा कथन, आशुवाचन और रंगमंचीय कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने विज्ञान, गणित और रचनात्मक क्षेत्र में अपनी समझ और कौशल का परिचय दिया.
'अनुशासन और आत्मविश्वास से मिलेगी सफलता'
मुख्य अतिथि जीवन कुमार ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि विनम्रता, अनुशासन, कर्म के प्रति निष्ठा, आत्मजागृति और आत्मविश्वास के माध्यम से सफलता हासिल की जा सकती है. उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को लगातार निखारने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी.
विज्ञान और शोध के प्रति रुचि बढ़ाने पर जोर
भोजपुर विभाग प्रमुख लालबाबू प्रसाद ने प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को विज्ञान, गणित और संगणक के क्षेत्र में अध्ययन एवं शोध लगातार जारी रखने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि पूर्ण संकल्प के साथ आत्मजागृति की भावना विकसित करने पर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है.
अतिथियों को अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
वंदना के बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य अमन कुमार सिंह ने मंचासीन अतिथियों का परिचय कराया. सभी अतिथियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन शैलेन्द्र कुमार सिंह ने किया.
इस अवसर पर विद्यालय के कोषाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह, उप प्रधानाचार्य मनोरंजन कुमार, बिहार प्राथमिक शिक्षक संघ के यतींद्र चौबे, प्रो. श्याम जी मिश्रा, रामजी प्रसाद सिन्हा, विकास वर्ग द्वितीय प्रशिक्षित गौरव कुमार, जनार्दन तिवारी, संतोष पाण्डेय, रामनाथ सिंह, शिव कुमार शर्मा, प्रो. शमीम, शशि शेखर, उमेश पांडेय, मदन श्रीवास्तव, संतोष खरवार, अनिल पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे. विद्यालय के आचार्य मदन पाण्डेय, अखिलेश राय, ईश्वर चंद्र, सत्येंद्र उपाध्याय, अनूप चौबे, अमित राय, विवेक राय, दिलीप मिश्रा, हेम शंकर साह, विनोद सिंह सहित सभी आचार्य-आचार्या और विद्यार्थी उपस्थित रहे.
