ईसापुर खीरी पथ पर जगह-जगह बने गड्ढे, हादसे की आशंका

थाना क्षेत्र के ईसापुर खीरी मुख्य पथ पर जगह-जगह गड्ढे बन गये हैं. गड्ढों में पानी भर जाने से गंभीर समस्या हो गयी है.

राजपुर. थाना क्षेत्र के ईसापुर खीरी मुख्य पथ पर जगह-जगह गड्ढे बन गये हैं. गड्ढों में पानी भर जाने से गंभीर समस्या हो गयी है. ईसापुर बाजार के पास लगभग 200 मीटर तक गड्ढे बन गये हैं. पलियां के पास जलजमाव हो गया है. अधिक दिनों से जलजमाव होने से इस रोड पर लगभग एक से दो फुट तक गड्ढे बन गये हैं. जिस रास्ते से चलना मुश्किल हो गया है. दो पहिया चालक अक्सर इसमें गिरकर घायल हो जाते हैं. जलजमाव होने से संक्रामक बीमारी भी फैलने की संभावना बढ़ गयी है. इस पथ के किनारे ही साप्ताहिक सब्जी बाजार लगता है. जहां हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं. जिन्हें सामान लेकर घर जाने में दिक्कत होता है. कई गांवों के साथ रोहतास एवं कैमूर जिला को जोड़ने वाले इस पथ से प्रतिदिन लोगों का आना-जाना रहता है. फिर भी इस समस्या का समाधान नहीं हो रहा है. विगत लोकसभा चुनाव के समय जगह-जगह इन गड्ढों को विभाग ने भर दिया था. पिछले एक महीने से हो रही वर्षा के बाद जल जमाव से गाड़ियों के परिचालन के बाद जगह-जगह गड्ढे बन गये हैं. अनजान व्यक्ति अक्सर इस गड्ढे में गिर जा रहे हैं. इस रोड पर सौरी, पलिया, संगराव बाजार, ईटवा, हंकारपुर के अलावा जहां भी गांव की बस्ती है. वहां रोड पर गड्ढा बन गया है. रोड के किनारे कही-कहीं पंचायत निधि से नाली का निर्माण भी हुआ है. फिर भी ग्रामीणों के अतिक्रमण से नाली का पानी नहीं निकल रहा है. संगराव बाजार में भी जल निकासी की समस्या का समाधान नहीं होने से अक्सर यहां बड़ा गड्ढा बन जाता है. अगर विभाग गांव के बस्ती के पास नालियों को अतिक्रमण मुक्त करा दे तो जलजमाव की समस्या नहीं होगी. ग्रामीणों ने बताया कि समस्या का निदान नहीं होता है, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMLESH PRASAD

AMLESH PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >