Buxar News : शहर की जर्जर सड़कों और बुनियादी सुविधाओं की बदहाली के खिलाफ समाजसेवी संस्था स्वयं शक्ति का आंदोलन रविवार को तीसरे दिन और तेज हो गया. अनिश्चितकालीन हड़ताल के तीसरे दिन संस्था के कार्यकर्ताओं ने भूख हड़ताल शुरू कर दी. आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि दो दिनों के भीतर प्रशासन की ओर से ठोस पहल नहीं हुई तो मंगलवार से भूख हड़ताल को आमरण अनशन में बदल दिया जायेगा.
लिखित आश्वासन और समयसीमा की मांग
आंदोलन का नेतृत्व संस्था के अध्यक्ष धीरज मिश्रा कर रहे हैं. राजन तिवारी सहित कई कार्यकर्ता भूख हड़ताल पर बैठे हैं. आंदोलनकारियों का कहना है कि अब केवल मौखिक आश्वासन से काम नहीं चलेगा. संबंधित विभाग को लिखित आश्वासन के साथ सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू करने की स्पष्ट समयसीमा घोषित करनी होगी. मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी गयी है.
पुराना भोजपुर से डुमरेजनी प्रवेश द्वार तक सड़क बदहाल
आंदोलनकारियों ने पुराना भोजपुर से मां डुमरेजनी प्रवेश द्वार तक की सड़क, जंगली शिव रोड और राज हाई स्कूल मैदान के आसपास की सड़कों की बदहाली को प्रमुख मुद्दा बनाया है. उनका कहना है कि जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी सड़क और उड़ती धूल के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है. धूल के कारण बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जतायी गयी.
राज हाई स्कूल मैदान में जलजमाव का मुद्दा भी उठा
आंदोलन के दौरान राज हाई स्कूल के खेल मैदान में जलजमाव का मामला भी उठाया गया. कार्यकर्ताओं ने कहा कि जलजमाव के कारण मैदान में खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं. स्थानीय युवाओं और छात्रों के लिए यह महत्वपूर्ण खेल स्थल है.
2.05 करोड़ की योजना, फिर भी धरातल पर काम का इंतजार
आंदोलनकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत मैदान के विकास के लिए 205.92 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू की गयी थी, लेकिन अब तक धरातल पर काम शुरू नहीं हो सका है. कार्यकर्ताओं ने मैदान के विकास कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग की है.
मौके पर मनीष मिश्रा, बिट्टू चौधरी, शौर्य केशरी, रंजीत यादव, पीयूष उपाध्याय, अशोक राय, मनोज राय, कल्याण तिवारी सहित कई लोग मौजूद रहे और आंदोलन को समर्थन दिया.
