Buxar News ( डुमरांव से रोहित कुमार की रिपोर्ट ) :
स्थानीय थाना क्षेत्र के अरियाव गांव में पारिवारिक विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया जब सास और बहू के बीच हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गहना छीनने, धमकी देने तथा प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी. मामले में दोनों पक्षों की ओर से कुल 10 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
बहू का आरोप: पति की मृत्यु के बाद सास-ससुर ने की मारपीट
थाने में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, बहू ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2025 में उसके पति की मृत्यु हो जाने के बाद वह अपने पुत्र-पुत्री के साथ ससुराल में रहकर उनका पालन-पोषण कर रही है. इसी दौरान उसकी सास, ससुर तथा कुछ अन्य रिश्तेदारों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की. बहू का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके सोने-चांदी के गहने भी छीन लिए गए. पीड़िता के आवेदन पर पुलिस ने ससुर राज किशोर सिंह, सास सहित कुल पांच लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की है.
सास का पलटवार: बहू बना रही जमीन रजिस्ट्री का दबाव
दूसरी ओर, सास ने भी थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में बहू और उसके पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. सास का कहना है कि उसके पुत्र की मृत्यु के बाद बहू लगातार परिवार पर दबाव बना रही है. प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि बहू और उसके समर्थकों ने मारपीट की तथा परिवार की संपत्ति अपने नाम करने की मांग की. सास ने यह भी आरोप लगाया कि जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम कराने का दबाव बनाया गया और ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी गई. सास के आवेदन पर पुलिस ने बहू समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इस पारिवारिक विवाद को लेकर गांव में चर्चा का माहौल है. इस संबंध में कृष्णाब्रह्म एसएचओ रवि कुमार ने कहा कि दोनों पक्षों की लिखित शिकायत पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले की पूरी गंभीरता से जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: डुमरांव अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी, तीन नवजातों की हालत बिगड़ने से उठे सवाल
