Buxar News (पंकज कमल) : राजपुर प्रखंड के बन्नी पंचायत अंतर्गत भरखरा गाँव में बुधवार की देर रात अज्ञात शरारती तत्वों ने एक खड़ी बस में आग लगा दी.इस घटना में बस पूरी तरह जलकर राख हो गई है, जिससे वाहन मालिक को लाखों रुपये की क्षति हुई है.
ग्रामीणों के पहुंचने से पहले जलकर खाक हुई बस
जानकारी के अनुसार किशुनीपुर मड़निया गाँव निवासी जितेन्द्र उर्फ भोला यादव की यह बस पिछले दो वर्षों से भरखरा -बक्सर रूट पर नियमित रूप से चलती थी. बुधवार की शाम चालक राजीव कुमार ने प्रतिदिन की तरह बस को गाँव के पश्चिम स्थित पोखरा के समीप खड़ा किया और अपने घर चले गए. देर रात शरारती तत्वों ने सुनसान जगह का फायदा उठाते हुए बस में आग लगा दी. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि जब तक स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुँचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, तब तक बस का अधिकांश हिस्सा जल चुका था. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. तब तक बस केवल लोहे के ढांचे में तब्दील हो चुकी थी.
घटनास्थल पर पहुंचे जदयू के जिला उपाध्यक्ष
गुरुवार की सुबह जैसे ही घटना की खबर फैली, मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. घटना की सूचना डायल 112 की टीम को दी गई.मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. धनसोई थाना अध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि यह मामला संदिग्ध लग रहा है इसकी गहन जांच की जा रही है.घटना स्थल पर पहुंचे जदयू जिला उपाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह ने इस कायराना हरकत की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले की गहन जाँच की माँग की है.
Also Read : Darbhanga News: डीएमसीएच उपाधीक्षक का औचक निरीक्षण, नशा मुक्ति केंद्र और मेडिसिन विभाग में नहीं मिले डॉक्टर
