दलित बस्ती में भीषण आग से दो परिवार बेघर, अनाज-नकदी समेत गृहस्थी का सामान जलकर राख

Buxar News: बक्सर जिले के धनसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत पटखौलिया गांव की दलित बस्ती में रविवार दोपहर अचानक लगी आग में दो फूस के घर जलकर खाक हो गए. इस हादसे में जयप्रकाश राम और सत्यनारायण राम के परिवारों का अनाज, नकदी और गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया. ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

Buxar News: (धनसोई से दुर्गा प्रसाद सोनी की रिपोर्ट)
स्थानीय थाना क्षेत्र के पटखौलिया गांव की दलित बस्ती में रविवार दोपहर लगी आग ने दो परिवारों को बेघर कर दिया. फूस के दो घर देखते ही देखते जलकर खाक हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे जयप्रकाश राम और सत्यनारायण राम के फूस के घरों से अचानक लपटें उठने लगीं. तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और मोटर पंप व बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए. गनीमत रही कि ग्रामीणों की तत्परता और सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया गया, वरना पूरी बस्ती इसकी चपेट में आ सकती थी.

अनाज, नकदी और गृहस्थी का सामान नष्ट, पीड़ितों के सामने खाने-पीने का संकट

आग इतनी तेज थी कि घर में रखा खाने का अनाज, चावल-गेहूं, बिछावन, कपड़े, बक्सा, साइकिल और कुछ नकदी समेत गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया. इस हादसे के बाद दोनों परिवारों के सामने अब खाने-पीने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. घटना की सूचना मिलने पर धनसोई थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी रवाना हुई, लेकिन ग्रामीणों ने टीम के पहुंचने से पहले ही आग पर पूरी तरह काबू पा लिया था. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है.

राजस्व कर्मचारी राहुल पाल ने लिया नुकसान का ब्योरा, ग्रामीणों ने पहुंचाई राहत

घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व कर्मचारी राहुल पाल मौके पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवारों से मिलकर हुए नुकसान का ब्योरा लिया और उन्हें शीघ्र सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. हादसे के बाद दोनों परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं. तत्काल राहत के लिए ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने चावल, आटा और कपड़ों की व्यवस्था कर पीड़ितों तक मदद पहुंचाई है. वहीं, पीड़ितों ने प्रशासन से आवास और राशन की मांग की है.

Also Read: बक्सर में मोबिल गोदाम में भीषण आग, पांच लग्जरी गाड़ियां और ट्रैक्टर जलकर राख

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >