Buxar News : अपराध और शराब कारोबार पर लगाम लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने बक्सर में सघन विशेष अभियान चलाया, जिसमें 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया. साथ ही लंबे समय से लंबित 26 वारंट का निष्पादन भी किया गया. पुलिस कार्यालय से जारी रिपोर्ट के अनुसार, अभियान के दौरान हत्या के प्रयास के एक संगीन मामले में फरार चल रहे आरोपी को भी दबोच लिया गया. पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया.
शराबबंदी को लेकर भी पुलिस पूरी तरह सख्त नजर आई. अभियान में शराब सेवन के आरोप में 7 लोगों को पकड़ा गया, जबकि तलाशी के दौरान 12.2 लीटर देसी शराब बरामद की गई. गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई.
वाहन जांच में वसूला जुर्माना
इसके अलावा, जिले के विभिन्न थानों की पुलिस द्वारा कार्रवाई कर 26 वारंट निष्पादित किए गए. अभियान के दौरान वाहन जांच अभियान भी चलाया गया, जिसके तहत बिना हेलमेट, बिना कागजात और ओवरलोडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई. उक्त नियमों के उल्लंघन के मामले में कुल 38,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
शराब कारोबारियों पर कसेगा शिकंजा
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह कृतसंकल्पित है. इसके लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि शराब कारोबारियों और अपराधियों की सूची बनाकर उन पर लगातार नजर रखी जाए और आवश्यक कार्रवाई कर उन पर शिकंजा कसा जाए.
Also Read : बक्सर : इटाढ़ी गुमटी बंद रहने से लोग परेशान, पूर्व सैनिकों ने रेलवे और सरकार से जल्द खोलने की मांग की
