बक्सर से ओंकार नाथ मिश्र की रिपोर्ट
Bihar Police Exam 2026 : सिपाही भर्ती परीक्षा में दूसरों की जगह परीक्षा देने आया एक ‘मुन्ना भाई’ बक्सर में धर दबोचा गया. फर्जीवाड़े का यह खुलासा आदर्श मध्य विद्यालय नई बाजार केंद्र के केंद्राधीक्षक राज शेखर तिवारी की सजगता से हुआ. आरोपी की पहचान बांका जिले के शिवम कुमार के रूप में हुई है. वह नंदन कुमार के नाम पर परीक्षा देने के लिए एग्जाम सेंटर पर पहुंचा था.
आधार कार्ड से खुला राज
केंद्र संख्या 1806 आदर्श मध्य विद्यालय नई बाजार के प्रवेश द्वार पर प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान जांच चल रही थी. उसी क्रम में परीक्षार्थी नंदन कुमार के नाम पर शुभम कुमार वहां पहुंचा.
फोटो मैच नहीं होने पर हुआ शक
जांच के दौरान प्रवेश पत्र पर लगी फोटो गेट पर मौजूद परीक्षार्थी से मेल नहीं खा रही थी. शक होने पर प्रवेश पत्र और आधार कार्ड की गहन जांच की गई, जिसमें नंदन कुमार के नाम का आधार कार्ड (आधार नंबर संशोधित) मिला.
पूछताछ में आरोपी ने कबूला सच
इसके बाद की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना असली नाम शिवम कुमार, पिता रंजन, ग्राम-शियोर, पो. कंधुगंज, थाना-रजौन, जिला-बांका बताया. उसने स्वीकार किया कि वह नंदन कुमार के स्थान पर परीक्षा देने के लिए पहुंचा था. फर्जीवाड़े की पुष्टि होते ही केंद्र पर प्रतिनियुक्त पुलिस की निगरानी में उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया.
टाउन थाने में दर्ज हुई FIR
इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि केंद्राधीक्षक राज शेखर तिवारी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपी शिवम कुमार पर सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : बक्सर के लाल ने BPSC में मारी बाजी, सप्लाई इंस्पेक्टर बनने पर गांव में हुआ जोरदार स्वागत
