Bihar Petrol-Diesel Crisis: बक्सर जिले में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की भारी कमी देखी जा रही है. कई पेट्रोल पंपों पर ‘पेट्रोल नहीं है’ के बोर्ड लगे हुए हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. जहां तेल उपलब्ध है, वहां सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. शहर के महाराजा पेट्रोल पंप पर सैकड़ों की संख्या में लोग लाइन में खड़े नजर आए. अपनी बारी आने तक लोगों का काफी समय बर्बाद हो रहा है, जिससे रोजमर्रा के कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं.
सीएनजी पंपों पर भी बिगड़े हालात
केवल पेट्रोल-डीजल ही नहीं, बल्कि सीएनजी पंपों पर भी स्थिति गंभीर बनी हुई है. यहां भी वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं. लोग किसी तरह अपने वाहनों में ईंधन भरवाने के लिए जूझते नजर आ रहे हैं.
शादी-ब्याह पर पड़ा असर
इस ईंधन संकट का असर अब शादी-विवाह जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों पर भी साफ दिखाई देने लगा है. कई बारातियों की गाड़ियां रास्ते में ही पेट्रोल खत्म होने के कारण रुक गईं, जिससे पूरा कार्यक्रम प्रभावित हो गया.
रास्ते में फंसी दूल्हे की गाड़ी
सबसे हैरान करने वाली स्थिति तब देखने को मिली, जब एक दूल्हे की गाड़ी बीच रास्ते में ही पेट्रोल खत्म होने से फंस गई. दूल्हा समय पर मंडप तक नहीं पहुंच सका और उधर दुल्हन अपने दूल्हे के इंतजार में बैठी रही. इस घटना ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है.
लोगों में बढ़ी नाराजगी
लगातार हो रही परेशानी से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. आम लोगों का कहना है कि प्रशासन को जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करना चाहिए, ताकि जनजीवन सामान्य हो सके. लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन इस गंभीर स्थिति को देखते हुए जल्द कोई ठोस कदम उठाएगा. फिलहाल, पेट्रोल-डीजल की कमी ने बक्सर में आम से लेकर खास तक सभी को परेशान कर रखा है.
(बक्सर से मनीष मिश्रा की रिपोर्ट)
Also Read: औरंगाबाद में रोज का जाम बना मुसीबत, अतिक्रमण और भारी वाहनों से लोग बेहाल, बिजनेस भी प्रभावित
