Bihar News: (मृत्युंजय सिंह की रिपोर्ट) बक्सर के बेटे ने बढ़ाया जिले का मान .संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा जारी भारतीय वन सेवा (IFS) परीक्षा 2024 के अंतिम परिणाम में बक्सर निवासी प्रीतेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में 79वीं रैंक प्राप्त की है. उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है. परिजनों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी है.
DAV से IIT Delhi तक का सफर
प्रीतेश की शुरुआती पढ़ाई डीएवी स्कूल बक्सर से हुई. उन्होंने दसवीं तक की शिक्षा बक्सर में ही पूरी की. इसके बाद 12वीं की पढ़ाई डीपीएस बोकारो से की.उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने बिट्स पिलानी से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया और फिर आईआईटी दिल्ली से एमटेक की पढ़ाई पूरी की.
दूसरे प्रयास में मिली सफलता
एमटेक के बाद प्रीतेश ने दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी शुरू की. लगातार मेहनत और सही रणनीति के दम पर उन्होंने दूसरे प्रयास में भारतीय वन सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की. प्रीतेश ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई, सही मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया है.
साधारण परिवार से हैं प्रीतेश
प्रीतेश के पिता प्रफुल्ल कुमार बिजली विभाग में कॉन्ट्रैक्टर हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं. वे दो बहनों और एक भाई के बीच परिवार से आते हैं.उनका पैतृक गांव उनवांस है, जबकि वर्तमान में परिवार बक्सर शहर के अंबेडकर चौक इलाके में रहता है.
युवाओं को दिया मेहनत का संदेश
सफलता के बाद प्रीतेश ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य तय कर लगातार मेहनत की जाए तो सफलता जरूर मिलती है.उन्होंने कहा कि कठिन मेहनत, धैर्य और सही दिशा में तैयारी ही सफलता की कुंजी है.
देशभर से 150 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
UPSC IFS 2024 परीक्षा में देशभर से कुल 150 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया है. चयनित अधिकारियों को जल्द ही वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के तहत प्रशिक्षण दिया जाएगा.
