Umesh Rai Buxar Visit : पश्चिम बंगाल सरकार में शहरी विकास एवं नगर पालिका मामलों के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उमेश राय का मंत्री बनने के बाद पहली बार बक्सर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया. इस दौरान उन्होंने ब्रह्मपुर क्षेत्र का दौरा किया, रामेश्वर नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास पर चर्चा की.
Buxar News : गोलंबर पर फूल-मालाओं से हुआ स्वागत
शुक्रवार सुबह बक्सर पहुंचने पर गोलंबर पर भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुशील कुमार राय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंत्री उमेश राय का फूल-मालाओं और अंगवस्त्र से स्वागत किया. कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, समाजसेवी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे. स्वागत करने वालों में ज्वाला सैनी, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष, पूर्वी चौसा प्रमुख सुनीता राय और गुड्डू राय सहित कई लोग शामिल थे. कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया.
डुमरी गांव में पगड़ी और मुरेठा पहनाकर किया सम्मान
स्वागत के बाद मंत्री उमेश राय ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंचे. डुमरी गांव में भाजपा युवा नेता एवं सोशल मीडिया जिला संयोजक हेमंत कुंवर तथा ग्रामीणों ने उन्हें पगड़ी, अंगवस्त्र और मुरेठा पहनाकर सम्मानित किया. इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे.
रामेश्वर नाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना
मंत्री उमेश राय ने भगवान श्रीराम द्वारा स्थापित प्रसिद्ध रामेश्वर नाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की. उन्होंने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की. पूजा के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा.
कार्यकर्ताओं से विकास पर की चर्चा
मंदिर में दर्शन के बाद मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास और जनसेवा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की. इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के नेता अविनाश कुमार, सौरभ तिवारी, निकू तिवारी, लक्ष्मण शर्मा, प्रिया रंजन राय, संजय राय, संजय सिंह, आदित्य चौधरी, धनंजय राय, उमा शंकर राय, सोनू राय सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.
बक्सर की सांस्कृतिक विरासत की सराहना
मंत्री उमेश राय ने कहा कि बक्सर की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों द्वारा मिले स्नेहपूर्ण स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उनके आगमन को बक्सर के लिए गौरव का क्षण बताया.
Also Read ; 'प्रभात खबर' की खबर का बड़ा असर, बक्सर में शराब माफियाओं पर पुलिस का महाअभियान; ट्रक समेत भारी खेप जब्त
