Buxar News : शराब तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत डुमरांव पुलिस ने बनकट गांव में बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने एक मकान में छापेमारी कर 34 कार्टून में छिपाकर रखी गयी 293.76 लीटर विदेशी शराब बरामद की. मौके से एक आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
गुप्त सूचना पर मकान में हुई छापेमारी
पुलिस को बनकट गांव में एक मकान में शराब की खेप छिपाकर रखे जाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी. टीम में शामिल एसआई रविशंकर पांडेय पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और संदिग्ध मकान में छापेमारी की.
34 कार्टून में मिली 293.76 लीटर शराब
मकान की तलाशी के दौरान अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस के अनुसार कुल 34 कार्टून में 293.76 लीटर शराब रखी गयी थी. बरामद शराब में एट पीएम ब्रांड की बोतलें भी शामिल हैं. पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया है.
रमेश कुमार हलवाई उर्फ टिंकू गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में रमेश कुमार हलवाई उर्फ टिंकू को गिरफ्तार किया. पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस अब उससे मिली जानकारी के आधार पर शराब की खेप के स्रोत और संभावित खरीदारों का पता लगाने में जुटी है.
शराब तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि बरामद शराब कहां से लायी गयी थी और इसे कहां खपाने की योजना थी, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस पूरे मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है, ताकि शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके.
पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और तस्करी में शामिल लोगों पर कार्रवाई की जायेगी.
