राष्ट्रीय जनता दल के बक्सर जिलाध्यक्ष शेषनाथ िसंह ने शिक्षा मंत्री सह कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी को हटाने की मांग की
बक्सर : बिहार में पूर्व राजद सांसद शहाबुद्दीन की रिहाई पर मचे घमासान में बक्सर के नेता भी कूद गये हैं़ बक्सर जिले के राजद नेता व जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह पूरी तरह से शहाबुद्दीन के पक्ष में उतर आये हैं. यही नहीं उन्होंने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए अपने नेताओं से एक कदम और आगे बढ़ते हुए कांग्रेस को औकात में रहने की नसीहत तक दे डाली. बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष सह शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी को हटाने की मांग की है.
उन्होंने कहा कि महागंठबंधन से राजद के हटने के बाद कांग्रेस की क्या स्थिति होगी, इसे अशोक चौधरी समझ जायेंगे. कांग्रेस के हटने के बाद भी जदयू और राजद को कोई असर नहीं पड़ेगा. उन्होंने अशोक चौधरी को ब्लड प्रेशर के रोगी और राजनीति में बच्चा बताया. कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी को चाहिए कि ऐसे लोगों को प्रदेश अध्यक्ष के पद से तत्काल हटा दें. उन्होंने कहा कि अभी लोकसभा चुनाव में काफी समय है. लेकिन, अभी से ही लोगों ने सपना देखना शुरू कर दिया है.
पहले देखें अपना दामन तब दें नसीहत : मुन्ना
राजद के जिलाध्यक्ष द्वारा बिहार कांग्रेस अध्यक्ष सह शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी पर दिये गये बयान पर कांग्रेस से सदर विधायक मुन्ना तिवारी ने अपना तेवर तल्ख कर लिया है. विधायक ने स्पष्ट और साफ लहजे में कहा कि राजद पहले अपना दामन देखे, तब कांग्रेस पार्टी को नसीहत दे. शहाबुद्दीन के साथ मो. कैफ का दिखना राजद की छवि को दर्शाता है. नीतीश कुमार महागंठबंधन के नेता हैं और रहेंगे. विधायक ने कहा कि जिलाध्यक्ष को अपनी औकात में रहनी चाहिए. कांग्रेस किसी की पिछलग्गू पार्टी नहीं है. लोग संयम से बयान दें.
