डुमरांव (नगर) : अनुमंडल कार्यालय परिसर में मंगलवार को एसडीओ प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में अनुश्रवण समिति की बैठक हुई. बैठक में उपस्थित लोगों ने राशन-केरोसिन से संबंधित मसलों को प्रमुखता से रखा.
रामेश्वर नाथ तिवारी ने कहा कि एपीएल व बीपीएल परिवारों को तीन माह से अनाज नहीं मिलने से उन परिवारों के समक्ष भूखमरी जैसी समस्या खड़ी हो गयी है. अन्य लोगों ने जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों द्वारा आज भी बाटों के स्थान पर ईंट व पत्थर के बांटों का उपयोग किये जाने के साथ ही उपभोक्ताओं से निर्धारित राशि से अधिक रुपये लेने व रसीद नहीं देने की शिकायत की.
इस पर एसडीओ ने संबंधित पदाधिकारी से जांच कर उन डीलरों पर कार्रवाई करने की बात कही. मौके पर प्रखंड प्रमुख विमला देवी, नरेंद्र सिंह सहित अन्य लोग व जनवितरण प्रणाली के दुकानदार उपस्थित थे.
